IRCTC से टिकट खरीदना हुआ आसान, जल्द लेकर आ रहा है 'बाय नाउ पे लेटर' फ़ीचर
अब IRCTC से खरीदें टिकट और 14 दिनों में करें अपने टिकट का भुगतान।
नई दिल्ली। भारतीय रेल से सफर करने वालों के लिए ये खबर बड़ी खुशखबरी है। अब आप आईआरसीटीसी के जरिए आसानी से टिकट खरीद सकते हैं और तुरंत पैसे देने की भी जरूरत नहीं है। दरअसल आईआरसीटीसी नया फीचर लेकर आ रही है। इस फीचर के मुताबिक जल्द ही आप आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए टिकट खरीदकर बाद में भुगतान कर सकेंगे।

आईआरसीटीसी 'बाय नाउ पे लेटर' फ़ीचर लेकर आ रहा है। इस फीचर के मुताबिक आप ऑनलाइन टिकट खरीददारी कर 14 दिनों के भीतर अपने टिकट का भुगतान कर सकेंगे। इसके लिए आईआरसीटीसी ने मुंबई की ईपेलेटर के साथ साझेदारी की है। जो अभी 'बाय नाउ. पे लेटर' पेमेंट सॉल्यूशन मुहैया कराती है। ये कंपनी आपको किसी भी खरीददारी के भुगतान के लिए 14 दिनों का वक्त देती है।
इस नए फीचर के बाद आप आईआरसीटीसी के जरिए ट्रांज़ेक्शन करने की तारीख के 14 दिनों के भीतर अपना भुगतान कर सकते हैं। वहीं इस साझेदारी को लेकर ईपेलटर का कहना है कि कंपनी का उद्देश्य अगले छह महीनों में हर दिन होने वाली 6 लाख ट्रांज़ेक्शन में से कम से कम 5 प्रतिशत हिस्सेदारी का है। ईपेलेटर के सह-संस्थापक और हेड ऑफ बिज़नेस डेवलेपमेंट अक्षत सक्सेना के मुताबिक इस फीचर के इस्तेमाल के लिए ग्राहकों को उसके पुराने ट्रांज़ेक्शन और दूसरी चीजों के बारे में जानकारी देनी होगी।
'बाय नाउ. पे लेटर' फीचर के लिए आपको अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड जैसी जानकारी मुहैया करानी होगी। फिर आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आपको ओटीपी प्राप्त होगा, जिसके बाद आप इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications