GST Collection: जीएसटी कलेक्शन से भरा सरकार का खजाना, नवंबर में 8.5% बढ़कर 1.82 लाख करोड़ हुआ
GST Collection: दिसंबर की शुरूआत हो चुकी है और अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर अच्छी खबर सामने आई है। मोदी सरकार ने 1 दिसंबर को ही नवंबर में माल और सेवा कर यानी जीएसटी कलेक्शन का डाटा जारी कर दिया है। आंकड़े बताते हैं कि नवंबर महीने में जीएसटी कलेक्शन में 8.5% की वृद्धि हुई है, जो 1.82 लाख करोड़ रुपये हैं।
इससे पहले अक्तूबर महीने में 1.87 लाख करोड़ रुपये और सितंबर में यह आंकड़ा 1.73 लाख करोड़ रुपये था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नवंबर में जीएसटी राजस्व में हुई बढ़ोतरी में घरेलू लेन-देन का अहम योगदान रहा। आंकड़ों के मुताबिक, केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) 34,141 करोड़ रुपये रहा।

वहीं, राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) 43,047 करोड़ रुपये, एकीकृत जीएसटी (आईजीएसटी) 91,828 करोड़ रुपये और उपकर 13,253 करोड़ रुपये रहा। अप्रैल 2024 भारत में जीएसटी संग्रह के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ। इसके लागू होने के बाद पहली बार संग्रह 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक होकर 2.10 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
जीएसटी कार्यान्वयन और प्रभाव
1 जुलाई, 2017 को देश भर में वस्तु एवं सेवा कर लागू किया गया था। इसने पिछले अप्रत्यक्ष कर ढांचे की जगह ले ली और इसे स्वतंत्रता के बाद से भारत का सबसे महत्वपूर्ण कर सुधार माना जाता है। केंद्र सरकार का दावा है कि जीएसटी ने पिछले सात वर्षों में नागरिकों पर कर का बोझ कम किया है।












Click it and Unblock the Notifications