Explainer: Adani Group पर लगे रिश्वतखोरी के आरोपों में क्या है भारतीय अफसरों का कनेक्शन? समझें पूरा खेला
Gautam Adani Bribery Allegations: गौतम अडानी, भारत के बड़े उद्योगपतियों में से एक, अडानी ग्रुप (Adani Group) के संस्थापक और चेयरमैन हैं। ताजा मामले में गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी समेत छह अन्य व्यक्तियों पर न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में गंभीर आरोप लगे हैं।
कहा गया है कि भारतीय सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देकर अडानी समूह ने सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए बड़े अनुबंध हासिल किए। हालांकि, अडानी समूह ने इन आरोपों को पूरी तरह आधारहीन बताया है।

अडानी समूह के साथ जुड़े छह अन्य व्यक्ति, जिनमें CEO, पूर्व अधिकारी, और विदेशी नागरिक शामिल हैं, पर भी आरोप हैं। अदालती दस्तावेजों में भारतीय अधिकारी, अमेरिकी कंपनी, और कनाडाई निवेशकों का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया। आइए सिलसिलेवार समझते हैं पूरा खेला...
क्या हैं आरोप?
- रिश्वत का आरोप:अमेरिकी अभियोजकों का दावा है कि अडानी समूह ने आंध्र प्रदेश के एक उच्च पदस्थ सरकारी अधिकारी (विदेशी अधिकारी ) को लगभग ₹1,750 करोड़ (228 मिलियन डॉलर) रिश्वत दी।
- सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट: यह रिश्वत सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (SECI) से सात गीगावाट सौर ऊर्जा खरीद के लिए राज्य वितरण कंपनियों (DISCOMs) को सहमत करने के बदले में दी गई।
- अन्य आरोप: अमेरिकी और भारतीय कंपनियों के बीच अनुचित लाभ लेने के लिए समझौते। निवेशकों और बैंकों को गलत जानकारी देकर अरबों डॉलर जुटाने का आरोप।
ये भी पढ़ें- Adani Group News: अडानी की कितनी कंपनियां हैं? क्या बेचते हैं और कैसे करते हैं शेयर से कमाई?
कैसे किया अडानी समूह का बचाव ?
अडानी समूह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए आरोपों को आधारहीन बताया है। समूह ने कहा कि उनके निदेशकों के खिलाफ लगाए गए आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। अडानी समूह ने जोर देकर कहा कि अभियुक्तों को तब तक निर्दोष माना जाएगा जब तक दोष सिद्ध न हो। समूह ने कहा कि वे पारदर्शिता और कानून का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

अदालती फाइलिंग में क्या कहा गया?
- विदेशी अधिकारी का जिक्र: यह अधिकारी आंध्र प्रदेश सरकार में मई 2019 से जून 2024 तक उच्च पदस्थ था।
- सौर ऊर्जा अनुबंध: SECI ने अडानी ग्रीन और अन्य सहयोगी कंपनियों से बड़ी मात्रा में सौर ऊर्जा खरीदने के लिए समझौते (PSA) किए।
- रिश्वत देने की प्रक्रिया: रिश्वतखोरी के लिए इलेक्ट्रॉनिक मैसेजिंग और व्यक्तिगत बैठकें (जुलाई 2021 से फरवरी 2022 तक) शामिल थीं।
ये भी पढ़ें- क्या गिरफ्तार होंगे गौतम अडानी? अमेरिका में लगे धोखाधड़ी के आरोपों में गिरफ्तारी वारंट जारी के बाद उठी चर्चा
अडानी समूह पर क्यों लगते हैं बार-बार आरोप?
हिंडनबर्ग रिपोर्ट (2023) ने अडानी ग्रुप पर आरोप लगाया...
- शेयर की कीमतें बढ़ाने के लिए हेरफेर।
- मनी लॉन्ड्रिंग।
- विदेशी संस्थाओं के जरिए काले धन का उपयोग।
अडानी समूह पर अमेरिकी कोर्ट में क्या आरोप लगे हैं?
अडानी समूह पर आरोप है कि उन्होंने सौर ऊर्जा परियोजनाओं के अनुबंध हासिल करने के लिए भारतीय सरकारी अधिकारियों को ₹2,029 करोड़ की रिश्वत दी। कोर्ट के दस्तावेजों में कहा गया कि रिश्वतखोरी की योजना को आगे बढ़ाने के लिए, सह-षड्यंत्रकारियों ने गौतम एस अडानी, सागर आर अडानी, विनीत एस जैन और अन्य के माध्यम से भारतीय सरकारी अधिकारियों को लगभग 2,029 करोड़ रुपये (लगभग 265 मिलियन डॉलर) की रिश्वत की पेशकश की थी।
वादा किया था कि इसके बदले में भारतीय सरकारी अधिकारी राज्य बिजली वितरण कंपनियों को मैन्युफैक्चरिंग लिंक्ड प्रोजेक्ट के तहत बिजली बिक्री समझौते (पीएसए) निष्पादित करने के लिए मजबूर करेंगे, जिससे भारतीय ऊर्जा कंपनी (अडानी ग्रीन एनर्जी) की सहायक कंपनियों और अमेरिकी जारीकर्ता को फायदा होगा।
अडानी समूह पारदर्शी है?
अडानी समूह का दावा है कि उन्होंने हर क्षेत्र में पारदर्शिता और कानून का पालन किया है। हालांकि, कई बार उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों ने समूह की छवि को प्रभावित किया है।
अडानी ग्रुप के पास अब क्या है आगे का रास्ता?
अडानी समूह ने कहा कि वे इस मामले में सभी कानूनी उपायों का सहारा लेंगे। यह देखना बाकी है कि अदालत में पेश किए गए सबूत और तर्क किस दिशा में जाते हैं।
गौतम अडानी और उनके समूह पर लगे हालिया आरोप ने उनकी साख पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। हालांकि, अडानी समूह ने खुद को निर्दोष बताते हुए सभी आरोपों को खारिज किया है। आने वाले समय में इस मामले का असर न केवल अडानी समूह बल्कि भारतीय व्यापारिक परिदृश्य पर भी पड़ सकता है।
विदेशी अधिकारी कौन है?
अदालती दस्तावेजों में विदेशी अधिकारी का नाम उजागर नहीं किया गया, लेकिन बताया गया कि वह आंध्र प्रदेश सरकार में उच्च पदस्थ अधिकारी थे।
ये भी पढ़ें- मिनटों 2 लाख करोड़ का घाटा, एक दिन में 10 अरब डॉलर का नुकसान, फिर भी इतनी संपत्ति के मालिक हैं गौतम अडानी?












Click it and Unblock the Notifications