Disney Layoff: डिज्नी ने 7000 कर्मचारियों को बाहर करने का किया ऐलान, शेयर होल्डर्स के लिए अच्छी खबर

Disney Layoff: दुनियाभर की शीर्ष कंपनियों में छंटनी का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में अब डिज्नी ने भी 7000 कर्मचारियों को बाहर करने का फैसला लिया है। डिज्नी की ओर से कहा गया है कि वह अपने ग्लोबल वर्कफोर्स से 7000 कर्मचारियों को बाहर करेगी। इसका बड़ा मकसद कंपनी के ऑपरेशन को बेहतर करना है और खर्चों को कम करना है। मीडिया इंडस्ट्री में चल रही दिक्कतों के चलते डिज्नी की ओर से यह फैसला लिया गया है। डिज्नी में कुल 2.2 लाख कर्मचारी हैं। इसमे से 1.66 लाख कर्मचारी अमेरिका में कार्यरत हैं, ऐसे में 7000 कर्मचारियों की छंटनी तकरीबन 3 फीसदी कर्मचारियों की संख्या है।
कंपनी के सीईओ बॉब ईगर ने कहा कि मौजूदा समय में हम जिस समस्या का सामना कर रहे हैं उसका समाधान जरूरी है, मैं इस तरह के फैसले हल्के में नहीं लेता हूं। गौर करने वाली बात है कि बॉब ईगर ने पिछले साल नवंबर माह में ही कंपनी के सीईओ के तौर पर कमान संभाली है, बॉब चेपक को कंपनी के बोर्ड ने बाहर कर दिया था, जिसके बाद बॉब ईगर ने कंपनी के सीईओ पद की जिम्मेदारी संभाली थी। बॉब ईगर ने कहा कि मैं दुनियाभर में कंपनी के कर्मचारियों की निष्ठा और प्रतिभा का सम्मान करता हूं, मैं इस बदलाव से जिन लोगों पर असर पड़ेगा उसको समझता हूं।
ईगर ने कहा कि हम कंपनी के शेयर धारकों को भी लाभ पहुंचाना चाहते हैं। डिज्नी के कर्मचारी एक तरफ जहां छंटनी की खबर से दुखी हैं तो डिज्नी के शेयरधारकों के लिए अच्छी खबर जरूर है। दरअसल कंपनी ने कोरोना के चलते डिविडेंट भुगतान को टाल दिया था, लेकिन ईगर ने कहा कि अब इसकी फिर से शुरुआत होगी। अब जब कोरोना खत्म हो गया है, हम चाहते हैं कि बोर्ड डिविडेंट को फिर से इस कैलेंडर वर्ष में शुरू करे। हमारी खर्च कम करने की शुरुआत इसे संभव कर सकती है। शुरुआत में डिविडेंट की राशि कम होगी, लेकिन हमे उम्मीद है आने वाले समय में यह बढ़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications