बिटकॉइन के समर्थन में आए एप्पल के को-फाउंडर, क्रिप्टो के भविष्य को लेकर कही ये बात
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर। अक्टूबर में उछाल भरने वाले क्रिप्टो बाजार के लिए महीने के आखिर में एक और अच्छी खबर आई है। एप्पल के कोफाउंडर स्टीव वोज्नियाक ने बिटकॉइन को एकदम शुद्ध करेंसी बताते हुए क्रिप्टो बाजार को इनवेस्टमेंट के लिए बहुत सही कहा है।

दिग्गज कंपनी एप्पल के सह संस्थापक स्टीव वोज्नियाक उन टेक दिग्गजों में शामिल हो गए हैं जो क्रिप्टोकरेंसी को समर्थन करते हैं और इसके भविष्य को लेकर सकारात्मक नजरिया रखते हैं। वोज्नियाक ने वर्चुअल करेंसी को बेहतरीन फ्यूचर इनवेस्टमेंट कहा है। इसके साथ ही उन्होंने सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन को "गणितीय रूप से शुद्ध" बताया है। याहू फाइनेंस लाइव के दौरान बोलते हुए उन्होंने कहा कि इसका एक बहुत ही विश्वसनीय स्वरूप है जिसे आसानी से संशोधित नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह उन लोगों की तरफ हैं जो ये मानते हैं कि क्रिप्टोकरेंसी का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाएगा।
मिक्स में रहा क्रिप्टो बाजार
क्रिप्टोकरेंसी बाजार रविवार 31 अक्टूबर को मिक्स में कारोबार कर रहा था। आज ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप 2.60 ट्रिलियन डॉलर पर है जो कि पिछले दिन के मुकाबले 0.87 प्रतिशत नीचे है। क्रिप्टोकरेंसी बाजार की कुल मात्रा बीते 24 घंटे में 143 अरब डॉलर रही जो कि 15.28 प्रतिशत ज्यादा है।
डिसेंट्रलाइज फाइनेंस यानि डेफी वर्तमान में 16.77 अरब डॉलर है जो कि बीते 24 घंटे में कुल क्रिप्टो मात्रा का 11.67 प्रतिशत है। वहीं कुल स्थिर सिक्कों की मात्रा 105 अरब डॉलर है जो कि बीते 24 घंटे में क्रिप्टो बाजार की कुल मात्रा का 73.63 प्रतिशत है।
बिटकॉइन में हल्की गिरावट
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन आज दोपहर 2.45 बजे के आस-पास 60,775 पर कारोबार कर रही थी जो कि पिछले दिन की तुलना में 1.4 प्रतिशत नीचे है। वहीं क्रिप्टोबाजार में इसका प्रभुत्व 44 प्रतिशत के आसपास है।
क्रिप्टो बाजार की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी ईथर भी 1.36 प्रतिशत नीचे गिरी है और यह इसी समय पर 4261 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। बिटकॉइन और ईथर के अलावा एक अन्य प्रमुख वर्जुअल करेंसी बिनांस कॉइन ने भी नीचे की ओर रुख किया और यह लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 523 डॉलर के आस-पास बनी हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications