पीयूष गोयल ने पहले थैंक्यू बोलकर दिया झटका, फिर दी वो खुशी जिसकी देश कर रहा था उम्मीद
नई दिल्ली। वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार (01 फरवरी 2019) को मोदी सरकार का अंतिम बजट पेश किया। इस दौरान मजदूरों, किसानों और नौकरीपेशा लोगों के लिए कई बड़े ऐलान किए गए, लेकिन जिस घोषणा का सबसे ज्यादा इंतजार था, उसके बारे में पीयूष गोयल ने ऐसा सस्पेंस बनाया कि एक बार लोगों को लगा कि इनकम टैक्स में छूट का उनका सपना टूट ही गया, लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब पीयूष गोयल ने कुछ देर बाद सालाना 5 लाख रुपए तक की आय पर इनकम टैक्स छूट का ऐलान किया और संसद का पूरा नजारा ही बदल गया। पीयूष गोयल ने जैसे ही सस्पेंस से पर्दा उठाया पीएम नरेंद्र मोदी ने कुछ ऐसा काम कर दिया, जैसा करते हुए उन्हें पहले कभी नहीं देखा गया। केवल पीएम मोदी ही नहीं, बल्कि संसद में भी अप्रत्याशित नारे लगने लगे। पीयूष गोयल ने किस तरह से इनकम टैक्स छूट की घोषणा को लेकर सस्पेंस बनाया इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई वेबसाइटों ने तो यहां तक खबर चला दी कि, 'टैक्सपेयर्स को धन्यवाद कहकर निकल गए वित्त मंत्री, करदाताओं को कोई छूट नहीं।'

और इस तरह पीयूष गोयल ने पूरे देश को किया सरप्राइज
दरअसल, इनकम टैक्स छूट की ढाई लाख से बढ़ाकर पांच लाख किए जाने के ऐलान से पहले कन्फ्यूजन इसलिए हुआ, क्योंकि पीयूष गोयल ने बजट भाषण में टैक्सपेयर्स को थैंक्यू से शुरुआत की और बाद में वे उन फैसलों को गिनाने लगे जो पिछले चार साल में मोदी सरकार ने टैक्सपेयर्स के लिए उठाए। इसके बाद वह अगली घोषणा की तरफ बढ़ गए। यहां दो बातें हो सकती हैं, पहली- या तो पीयूष गोयल पांच लाख तक आय को टैक्स से बाहर रखने की घोषणा करना भूल गए। दूसरी- ऐसा भी संभव है उन्होंने जानबूझकर इस बात को लेकर सस्पेंस बनाया हो, ताकि नौकरीपेशा लोगों के लिए यह एक सरप्राइज पैकेज की तरह हो।

टैक्स छूट का ऐलान होते ही देखने लायक था मोदी का रिएक्शन, संसद में बन गया चुनावी रैली जैसा माहौल
पीयूष गोयल ने जब संसद में 5 लाख तक की सालाना आय पर टैक्स छूट का ऐलान किया तब टीवी पर नजरें गढ़ाए बैठे लोग पीएम नरेंद्र मोदी का रिएक्शन देखकर दंग रह गए। ऐलान होते ही पीएम नरेंद्र मोदी खिलाखिलाकर हंसने लगे और जोर से डेस्क थपथपाकर छूट की सराहना करते दिखे। मोदी के इस रिएक्शन के बाद संसद में एनडी सांसद भी जोश में आ गए और देखते ही देखते माहौल किसी चुनावी रैली जैसा हो गया, जहां पर अक्सर 'मोदी-मोदी' के नारे सुनाए दे जाते हैं। सांसद मोदी मोदी के नारे लगाने लगे तो पीयूष गोयल ने भी भाषण रोक दिया और वह कुछ देर तक मुस्कुराते रहे।

इस वजह से टैक्स छूट को ढाई से बढ़ाकर पांच लाख किया गया
पीयूष गोयल ने भाषण के दौरान कुछ और तथ्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टैक्स कलेक्शन बढ़कर अब 12 लाख करोड़ हो गया है। बीते पांच साल में टैक्स देने वालों की संख्या 80 प्रतिशत बढ़ी है। इसके साथ ही स्टैंडर्ड डिडक्शन 40 हजार से बढ़ाकर 50 हजार कर दिया गया है। 40 हजार तक के ब्याज पर टीडीएस नहीं लगेगा।












Click it and Unblock the Notifications