24 घंटे में बिटकॉइन 3.35 लाख रुपये आई नीचे, यूक्रेन संकट से टूटा क्रिप्टो बाजार
नई दिल्ली, 27 फरवरी। रूस-यूक्रेन संघर्ष के मद्देनजर क्रिप्टोकरेंसी बाजार बिटकॉइन में जबर्दस्त उतार-चढ़ाव हो रहा है। पिछले कई दिनों से क्रिप्टो बाजार तेजी से ऊपर-नीचे जा रहा है। शनिवार को जहां क्रिप्टो बाजार ऊपर आया था वहीं रविवार को इसने गिरावट देखी। दुनिया की सबसे बड़ी और लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन पिछले 24 घंटे में 3.1 प्रतिशत लुढ़क गई है। रविवार सुबह बिटकॉइन 35,508 डॉलर हो गया है। क्रिप्टोकरेंसी का ग्लोबल मार्केट कैप 1.82 ट्रिलियन हो गया है। पिछले 24 घंटे में इसमें 3.2 प्रतिशत की गिरावट आई है।

इस बीच दिलचस्प बात ये है कि यूक्रेनी अधिकारी संकट के दौरान लोगों से क्रिप्टो में दान की अपील कर रहे हैं। इसके लिए क्राउडफंडिंग भी हो रही है जिसमें लोग जमकर मदद कर रहे हैं। शुक्रवार से अब तक बिटकॉइन, ईथर और अन्य टोकन में 50 लाख डॉलर से अधिक जुटाए गए हैं। यूक्रेन के आधिकारिक ट्विटर एकाउंट से शनिवार को क्रिप्टो वॉलेट की जानकारी साझा की है। इसके साथ ही देश के उप प्रधानमंत्री मिखाइल फेदोरोव से संबंधित खाते से भी जानकारी दी गई।
ब्लॉकचेन एनालिटिक्स फर्म एलिप्टिक के वॉलेट और डेटा के लिए उपलब्ध लेनदेन की जानकारी के अनुसार इन खातों द्वारा पोस्ट किए गए पतों पर 24 घंटे से भी कम समय में 30 लाख डॉलर से अधिक के सैकड़ों दान प्राप्त हुए हैं।
वहीं यूक्रेन के लिए धन जुटाने के लिए एनएफटी टोकन भी बेचे जा रहे हैं। ब्लूमबर्ग ने बताया कि वेब-3 समर्थकों द्वारा स्थापित एक रिलीफ फंड ने शुक्रवार को एनएफटी के माध्यम से 10 लाख से अधिक जुटाए हैं जिसे समूह ने 30 सेकंड में बेच दिया।












Click it and Unblock the Notifications