Bitcoin और ईथर रिकॉर्ड ऊंचाई पर, निवेशक मालामाल, पहली बार 3 ट्रिलियन डॉलर के पार क्रिप्टो मार्केट कैप
नई दिल्ली, 9 नवम्बर। पिछले 24 घंटे में दुनिया भर में फैला क्रिप्टोकरेंसी बाजार तेजी से ऊपर की ओर बढ़ा है और टॉप क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन और ईथर ने जबरदस्त रैली के साथ निवेशकों को रातों-रात मालामाल कर दिया है। बिटकॉइन ने मंगलवार को एक नया उच्च स्तर छू लिया। 24 घंटे में एक बिटकॉइन की कीमत में करीब डेढ़ लाख रुपये की वृद्धि देखी गई है।

बिटकॉइन नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंची
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन मंगलवार को एक नए उच्च स्तर स्थापित करते हुए 68,564 डॉलर (लगभग 50,73,736 रुपये) पर पहुंच गई। इसके पहले पिछले महीने ही बिटकॉइन ने 66,976 डॉलर तक पहुंची थी जो उस समय का सर्वोच्च स्तर था।
कॉइन मार्केट कैप के आंकड़ों के मुताबिक बिटकॉइन दोपहर 2:15 बजे 68,047 डॉलर पर कारोबार कर रही थी जो कि पिछले दिन के मुकाबले 3.26 प्रतिशत ऊपर है। पिछले 10 दिनों में बिटकॉइन ने 10 प्रतिशत से ऊपर की वृद्धि दर्ज की है। बिटकॉइन का मार्केट कैप 1.2 ट्रिलियन डॉलर के ऊपर बना हुआ है जबकि बीते 24 घंटे में इसका ट्रेडिंग वॉल्यूम 1.63 अरब डॉलर के पार पहुंच गया है।

ईथर और दूसरे टोकन में भी हुए मजबूत
बिटकॉइन के साथ ही क्रिप्टोबाजार की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी ईथर भी नई ऊंचाई को छूते हुए 4825 डॉलर की कीमत पर पहुंच गई। शीर्ष दोनों क्रिप्टोकरेंसी जून के बाद से दोगुने से भी ज्यादा हो गई हैं और अक्टूबर के बाद डॉलर के खिलाफ 70 प्रतिशत की मजबूती देखी है। एथेरियम ब्लॉकचेन की इस क्रिप्टोकरेंसी का मार्केट कैप 568 अरब डॉलर के ऊपर पहुंच गया है।
क्रिप्टोबाजार में सिर्फ बिटकॉइन और ईथर ने ही रैली नहीं देखी है बल्कि तीसरे और चौथे नंबर की क्रिप्टोकरेंसी बिनांस कॉइन और सोलाना ने पिछले सात दिनों में 20 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि रिकॉर्ड की है। टॉप-7 में शामिल सभी टोकन पिछले एक सप्ताह में अच्छा कारोबार करते दिखे हैं।

पहली बार 3 ट्रिलियन के पार क्रिप्टो मार्केट कैप
क्रिप्टोकरेंसी में इस रैली के साथ मंगलवार को पहली बार क्रिप्टोकरेंसी का मार्केट कैप 3 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया। फिलहाल खबर लिखे जाने तक यह नीचे खिसककर 2.94 ट्रिलियन डॉलर पर आ गया था।
फिलहाल क्रिप्टो बाजार में मजबूत रैली निवेशकों को जमकर मुनाफा दिला रही है। इस बार निवेशक सिर्फ बिटकॉइन और ईथर ही नहीं बल्कि नई उभरती क्रिप्टोकरेंसी पर भी भरोसा जता रहे हैं। हालांकि यह समझना जरूरी है कि क्रिप्टोकरेंसी बाजार बहुत ही ज्यादा अस्थिर है इसलिए अगर एक ही बार में ज्यादा पैसा लगा रहे हैं तो आपके पास धैर्य होना आवश्यक है। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के लिए अच्छा है कि इसे लंबे समय तक के लिए रहने के लिए लगाएं।












Click it and Unblock the Notifications