पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, बोरे में बंद कर गटर में फेंका शव, CCTV में कैद हुई घटना
Bulandshahr News, बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में अवैध संबंधों में बाधक बन रहे पति की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद प्रेमी ने मृतक का शव बोरे में बंद कर सिकंद्राबाद कोतवाली के पास गटर में फेंक दिया। घटना की ये खौफनाक वारदात पड़ोस में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी को उसके प्रेमी सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह सिकंद्राबाद के चौधरीवाड़ा विजयद्वार स्थित ट्रांसफार्मर के पास नाले में नगर के कूंचा राजा जी निवासी हरि सैनी उर्फ हरीशचंद (30) पुत्र धनश्याम सैनी का शव मिला था। उसके गले और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए। पुलिस की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हरि सिंह की हत्या की पुष्टि हुई है। जिसके बाद मृतक के भाई मुन्नालाल सैनी ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने हरि सिंह के घर के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला तो एक शख्स हरि सिंह के घर से आधी रात को सिर पर भारी भरकम प्लास्टिक का बोरा ले जाते हुए दिखा। बस फिर क्या था, पुलिस का शक गहरा गया और पुलिस ने जैसे ही मृतक हरि सिंह की पत्नी माया को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो हरि सिंह की हत्या का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने मृतक हरि सिंह की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ऐसे दिया था घटना को अंजाम
दरअसल, सिकंदराबाद में रहने वाले हरि सिंह की पत्नी माया के संदीप नाम के शख्स से पिछले डेढ़ वर्ष से अवैध संबंध थे। पुलिस की मानें तो अवैध संबंधों में बाधक बनने पर ही पत्नी ने प्रेमी के साथ मिल पति के कत्ल की साजिश रच वारदात को अंजाम दिया। साजिश के तहत शनिवार की रात को जब हरि सिंह रोजाना की तरह घर पहुंचा, तो हरि सिंह की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की गाला दबाकर पहले हत्या की और फिर आधी रात को प्रेमी संदीप ने हरि सिंह का शव एक प्लास्टिक के बोरे में बंद किया और सिर पर उठा कर सिकंदराबाद कोतवाली के पास एक गटर में फेंककर फरार हो गया।
ये भी पढ़ें:- मिर्जापुर सीट पर क्या हैं जीत-हार के पुराने सियासी आंकड़े












Click it and Unblock the Notifications