बुलंदशहर: हाजी यूनुस के काफिले पर फायरिंग, 4 घायल, कल ही BSP से RLD में हुए थे शामिल
बुलंदशहर, 05 दिसंबर: यूपी के बुलंदशहर में आरएलडी नेता हाजी यूनुस के काफिले पर रविवार को अज्ञात हमलावरोंने फायरिंग कर दी। हाजी युनूस मौजूदा ब्लाक प्रमुख के पति और पूर्व ब्लाक हैं। बताया जा रहा है कि वह शादी में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। काफिले में शामिल चार लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन की हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बता दें, पूर्व ब्लाक प्रमुख हाजी यूनुस ने बसपा छोड़ कल ही रालोद का दामन थामा था।
Recommended Video

शादी समारोह से लौट रहे थे हाजी यूनुस
जानकारी के मुताबिक, रालोद नेता हाजी यूनुस रविवार को नई मंडी चौकी क्षेत्र के भाईपूरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी से लौटते वक्त उनके काफिले पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 40 से राउंड फायरिंग की। गोली लगने से हाजी यूनुस का निजी गनर, ड्राइवर समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। हाजी यूनुस ने जेल में बंद अपने भतीजे अनस पर जानलेवा हमला कराने का आरोप लगाया है।
यूनुस की पत्नी सीमा परवीन ब्लाक प्रमुख हैं
हाजी यूनुस बुलंदशहर सदर ब्लाक के प्रमुख रहे हैं। वर्तमान में यूनुस की पत्नी सीमा परवीन ब्लाक प्रमुख हैं। हाजी यूनुस ने शनिवार को बसपा छोड़कर रालोद की सदस्यता ग्रहण की थी। हाजी यूनुस ने बताया कि भाईपुरा से वह करीब ढाई बजे बुलंदशहर के लिए चल दिए, रास्ते में घात लगाए बैठे कार सवार बदमाशों ने उनकी ऑडी गाड़ी सहित पीछे चल रही गाड़ी को घेरकर फायरिंग शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications