जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव: बुलंदशहर में निर्विरोध चुनी गई बीजेपी प्रत्याशी डॉ. अंतुल तेवतिया
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव: बुलंदशहर में निर्विरोध चुनी गई बीजेपी प्रत्याशी डॉ. अंतुल तेवतिया
बुलंदशहर, जून 26: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर बुलंदशहर में बड़ी जीत मिली है। यहां बीजेपी प्रत्याशी डॉ. अंतुल तेवतिया निर्विरोध चुनी गई। डॉ. अंतुल तेवतिया के सामने किसी भी जिला पंचायत सदस्य ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है। बता दें, डॉ अंतुल तेवतिया ने बुलंदशहर के वार्ड नंबर 8 से 2560 मतों से जीत हासिल की थी।

शनिवार 26 जून को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी डॉ. अंतुल तेवतिया ने कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान डॉ. अंतुल तेवतिया के साथ प्रस्तावक रेनू सिंह, सारिका त्यागी, मंगल सिंह और नाहर सिंह जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट गेट के बाहर वन राज्य मंत्री अनिल शर्मा सहित अन्य भाजपाई भी उपस्थित रहे।
Recommended Video
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए आज जिलाधिकारी कार्यालय में सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्र जमा करने का समय निर्धारित किया गया था। बता दें कि अध्यक्ष पद के लिए गीता चरोरा एव पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आशा यादव ने नामांकन पत्र खरीद तो लिया था। लेकिन दोपहर तीन बजे तक बीजेपी प्रत्याशी डॉ. अंतुल तेवतिया के सामने किसी भी जिला पंचायत सदस्य ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है।
कोई भी नामांकन पत्र दाखिल ना होने पर बीजेपी प्रत्याशी डॉ. अंतुल तेवतिया को निर्विरोध चुन लिया गया है। बता दें कि बीजेपी समर्थित डॉ अंतुल तेवतिया एवं बसपा समर्थित प्रत्याशी राहुल गुर्जर के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही थी। हालांकि मुकाबला कांटे का रहा, लेकिन स्थानीय जनता ने डॉ अंतुल के किए वादों पर भरोसा करते हुए उन्हें अपना जिला पंचायत सदस्य चुना। तो वहीं, अब डॉ. अंतुल आज नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष घोषित हुईं हैं।
डॉ. अंतुल तेवतिया इस जीत का पूरा श्रेय स्थानीय जनता को दे रही हैं और उनका कहना है कि मेरे खून का एक-एक कतरा बुलंदशहर की जनता के लिए समर्पित है और जब तक जिऊंगी जनता की सेवा करती रहूंगी। यह मेरा एहसास नहीं बल्कि मेरा कर्म और फर्ज है। मैं अपने कर्तव्य और फर्ज को बखूबी निभाऊंगी। पूरी इमानदारी और मेहनत से अपना कार्य करूंगी।












Click it and Unblock the Notifications