थाने पहुंचा 10 हजार का इनामी अनिल, 'मैं पुलिस के डर से खुद सरेंडर करने थाने आया हूं'
बुलंदशहर। यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर का खौफ अब बदमाशों में किस कदर बढ़ गया है, इसकी बानगी बुलंदशहर जनपद में देखने को मिली। यहां 10 हजार रुपये का इनामी बदमाश अनिल खुद थाने पहुंच गया। इस दौरान अनिल ने कहा, 'मैं 10 हजार रुपये का इनामी अनिल हूं, मुझे गिरफ्तार कर लीजिए, नहीं तो पुलिस मेरा भी एनकाउंटर कर देगी'। आरोपी की बात सुनते ही पुलिसकर्मी हक्के-बक्के रह गए और उसको गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, सिटी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला साठा निवासी अंजलि की शादी दिसंबर 2012 में मोहनकुटी निवासी अनिल के साथ हुई थी। नवंबर 2017 में अंजलि की अपनी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या पर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी।
आरोपी पति अनिल घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। इसके बावजूद उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा पा रहा था। गरूवार को अचानक अनिल सिटी कोतवाली पहुंचा। उसने एनकाउंटरों का भय बताते हुए गिरफ्तार कर लिए जाने की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications