Zomato का गड़बड़झाला! ग्राहक ने ऑर्डर की पालक पनीर, सावन के महीने में पकड़ा दिया चिकन
Zomato News: आपने सावन के महीने में ऑनलाइन वेज फूड ऑर्डर किया और बदले में नॉनवेज डिलीवरी हो जाए? जी हां, कुछ ऐसी ही दिलचस्प घटना हिमांशी नाम की एक लड़की के साथ हुई। उसने ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो पर ईट फिट से पालक पनीर, सोया मटर, और पुलाव का ऑर्डर किया किया। लेकिन उसे डिलीवरी में पालक चिकन मिला।
यह घटना सावन के महीने में हुई, जब कई हिंदू लोग शाकाहारी भोजन का पालन करते हैं। इस गलती से ग्राहक बेहद नाराज हुई और उसने तुरंत ही इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर उठाया।

ग्राहक हिमांशी ने अपनी शिकायत में कहा कि सावन के पवित्र महीने में मांसाहारी भोजन की डिलीवरी उनके लिए बहुत बड़ी गलती है और इससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। आगे कहा कि सावन में चिकन डिलीवर करना स्वीकार्य नहीं है, क्योंकि मैंने सिर्फ़ शाकाहारी भोजन चुना है।
जोमैटो ने मांगी माफी
जोमैटो ने इस गलती के लिए माफी मांगी और वादा किया कि भविष्य में ऐसी गलतियां नहीं होंगी। जोमैटो की टीम ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर हिमांशी की शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम इस गड़बड़ी को सुधारते हैं और समझते हैं कि यह आपके लिए कितना कष्टदायक रहा होगा। हम आपकी आहार संबंधी प्राथमिकताओं को बहुत गंभीरता से लेते हैं और कभी भी उनका अनादर नहीं करना चाहेंगे। कृपया हमें इसकी जांच करने के लिए कुछ समय दें, हम जल्द से जल्द आपको अपडेट देंगे।
ईट फिट ने भी मांगी माफी
वहीं, ईटफिट ने माफी मांगते हुए हिमांशी से ऑर्डर की डिटेल मांगी। साथ ही कहा कि हमें भोजन के अनुभव पर वास्तव में खेद है और हम इस पर गौर करना चाहेंगे। कृपया अपना ऑर्डर और संपर्क विवरण संदेश में भेजें।
खराब चिकन बिरयानी की भी शिकायत
वहीं, एक अन्य ग्राहक मोहम्मद हबीब अली ने भी जोमैटो की डिलीवरी संबंधी शिकायत की। अली ने कहा कि मैंने ज़ोमैटो से चिकन बिरयानी का ऑर्डर दिया था, लेकिन उन्होंने मुझे खराब बिरयानी दी, यह चिकन बिरयानी नहीं बल्कि स्टिंग बिरयानी है, यह कोई स्वच्छ भोजन नहीं है। मैंने अपने पैसे वापस मांगे, उन्होंने मुझे बिल के अनुसार 33 रुपये वापस कर दिए हैं।
उधर, जोमैटो ने जवाब देते हुए माफी मांगी। कहा कि इस अनुभव के लिए माफ़ी। क्या आप कृपया हमें अपना पंजीकृत संपर्क विवरण DM के माध्यम से भेज सकते हैं? इससे हमें आपकी समस्या की जांच करने और उसका समाधान करने में मदद मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications