इस देश में नहीं मिलेगा एक भी आवारा कुत्ता, पशु प्रेमी होने के बाद भी कैसे पाया इस समस्या से छुटकारा?
Terror of Stray Dogs: भारत में जहां एक ओर आवारा कुत्तों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दूसरी ओर एक देश है, जहां की सरकार ने आवारा कुत्तों का सफाया कर दिया है। यहां की गलियों में एक भी आवारा कुत्ता नहीं है।

Stray dogs: भारत में आवारा कुत्तों की वजह से एक साल में कई दुर्घटनाएं होती हैं। आए दिन कहीं ना कहीं से ऐसे मामले सामने आ ही जाते हैं, जिनमें आवारा कुत्तों के आतंक से लोगों को नुकसान झेलना पड़ता है। कई दफा बच्चों को लेकर भी कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें कुत्तों ने अपना आतंक मचाया हो। हाल ही में ओडिशा से एक मामला सामने आया, जिसमें एक महिला की स्कूटी के पीछे कई सारे कुत्ते दौड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इन आवारा कुत्तों से बचने के चक्कर में महिला सामने खड़ी कार से जा टकराती है और उसका एक्सीडेंट हो जाता है। ये कोई पहला मामला नहीं है, जब कुत्तों ने अपना आतंक मचाया हो। दुनिया में 20 करोड़ कुत्तों में 6 करोड़ कुत्ते सिर्फ भारत में ही हैं। और आए दिन आवारा कुत्तों के कई मामले भी सामने आते हैं। इस बीच एक देश ऐसा है, जहां गली में घूमने वाले आवारा कुत्तों को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। इस देश में आपको भारत की तरह एक भी आवारा कुत्ता घूमता हुआ नजर नहीं आएगा।
भारत में कितने आवारा कुत्ते?
विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट की मानें, तो दुनियाभर में आवारा कुत्तों की जनसंख्या कुल 20 करोड़ है। इन 20 करोड़ में से 6.2 करोड़ कुत्ते सिर्फ भारत में ही हैं। लेकिन इस बीच एक देश ऐसा भी है, जहां एक भी आवारा कुत्ता नहीं है। जी हां! ये देश कोई और नहीं बल्कि नीदरलैंड है। ये दुनिया का पहला ऐसा देश है, जहां आपको एक भी कुत्ता गलियों में घूमता हुआ नजर नहीं आने वाला। नीदरलैंड ने आवारा कुत्तों को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। आइये जानते हैं कि पशु प्रेमी होने के बाद भी नीदरलैंड को ये कामयाबी कैसे मिली?
नीदरलैंड में थे ढेरों आावारा कुत्ते
नीदरलैंड में कुत्तों का होना प्रतिष्ठा माना जाता है। यहां अमीर से लेकर गरीब लोग भी कुत्ते पालते हैं। 19वीं शताब्दी में यहां कुत्तों की काफी बड़ी आबादी थी। लेकिन रेबीज बीमारी का प्रकोप यहां ऐसा फैला कि लोगों ने अपने रोगग्रस्त पालतू जानवरों को छोड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान नीदरलैंड में आवारा कुत्तों की संख्या पर काबू पाने के लिए डच सरकार ने डॉग टैक्स भी बनाया। लेकिन इसका एकदम उल्टा असर हुआ। टैक्स के भुगतान से बचने के लिए लोगों ने अपने पालतू जानवरों को रोड पर छोड़ना शुरू कर दिया। ऐसे में देश में अचानक आवारा कुत्ते बढ़ने लगे।
कैसे पाया कुत्तों से छुटकारा
नीदरलैंड की सरकार ने कुत्तों का सफाया इन्हें मारकर नहीं किया। सरकार ने इसके लिए कलेक्ट, न्यूटर, वैक्सीनेट और रिटर्न प्रोग्राम चलाया। ये सरकार की ओर से चलाया गया नसबंदी कार्यक्रम है। इसके अलावा कई नगरपालिकाएं भी हैं, जो लोगों को शेल्टर होम्स से बेघर कुत्तों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। इसके अलावा जानवरों के खिलाफ होने वाले अपराध को रोकने के लिए पशु पुलिस बल बनाया गया है।
किस देश में कितने आवारा कुत्ते?
बताते चलें कि अमेरिका में आवारा कुत्तों का तादाद का आंकड़ा 13 लाख, भारत में 6 करोड़, ग्रीस में 6 लाख, चीन में 2 करोड़, मेक्सिको में 46 लाख, ब्रिटेन में 67 हजार और दक्षिण अफ्रीका में 17 लाख है।












Click it and Unblock the Notifications