167 किलो वजन उठाते ही महिला के शरीर से आई 'कड़ाक' की आवाज, भागना पड़ा अस्पताल
महिला पावरलिफ्टर के साथ, जो करीब 167 किलो वजन की रॉड और प्लेट्स के साथ वेट लिफ्टिंग कर रही थी, लेकिन अचानक एक बड़ा हादसा हो गया।
नॉर्थ कैरोलिना: अच्छी बॉडी बनाना कौन नहीं चाहता...और इसके लिए कुछ लोग जिम के अंदर घंटों पसीना भी बहाते हैं। लेकिन, कई बार जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज या वेट लिफ्टिंग करना लोगों को भारी पड़ जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ एक महिला पावरलिफ्टर के साथ, जो करीब 167 किलो वजन की रॉड और प्लेट्स के साथ वेट लिफ्टिंग कर रही थी, लेकिन अचानक बैलेंस बिगड़ा और एक बड़ा हादसा हो गया। महिला की मदद के लिए जिम में उसके पास खड़े लोगों ने तुरंत उसे संभाला और हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक्सरे के बाद महिला को बताया कि आखिर उसके साथ क्या हुआ है।

'इससे भी ज्यादा हैवी वर्कआउट कर चुकी हूं लेकिन'
'द सन' की खबर के मुताबिक मामला नॉर्थ कैरोलिना का है, जहां रोबिन मचाडो नाम की महिला पावर लिफ्टर ने अपने साथ हुए इस हादसे के बारे में टिकटॉक वीडियो के जरिए बताया है। अपने वीडियो में इस महिला ने बताया कि वो अब से पहले इससे भी ज्यादा हैवी वर्कआउट कर चुकी है, लेकिन ऐसा हादसा उसके साथ पहली बार हुआ है। इस महिला के साथ ये हादसा करीब 2 साल पहले हुआ था और अब ठीक होने के बाद महिला ने लोगों को इसके बारे में बताया है।

'मुझे लगा- शायद रॉड टूट गई है'
35 वर्षीय रोबिन मचाडो ने वीडियो शेयर करते हुए बताया कि बाकी दिनों की तरह उस दिन भी वो जिम में वेट लिफ्टिंग कर रहीं थी और लोहे की रॉड सहित प्लेट का कुल वजन करीब 167 किलो था। रोबिन ने बताया, 'मैं वेट लिफ्टिंग कर ही रही थी कि अचानक कुछ टूटने की कड़ाक जैसी आवाज हुई और मेरे हाथ से रॉड नीचे गिरने लगी। मेरे हाथों पर अचानक से रॉड का दबाव बढ़ गया और जब कुछ टूटने की आवाज आई तो मुझे लगा- शायद रॉड टूट गई है।'

'मेरी नजर अपनी बांह पर पड़ी तो मैंने देखा कि...'
रोबिन मचाडो ने आगे बताया, 'आसपास मेरी मदद के लिए खड़े लोगों ने मुझे संभाला और जब मेरी नजर अपनी बांह पर पड़ी तो मैंने देखा कि एक हड्डी मेरी खाल में घुसने की हालत में है। मैं एकदम से हैरान रह गई और घबराकर चिल्लाने लगी। मुझे उस वक्त कोई दर्द महसूस नहीं हुआ। इसके बाद मुझे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मेरा एक्सरे किया और बताया कि मेरी बांह की त्रिज्या हड्डी टूट गई है।'

'180 किलो तक की वेट लिफ्टिंग भी की है'
वीडियो में रोबिन मचाडो ने बताया, 'मैं पिछले करीब 20 सालों से वेट लिफ्टिंग कर रही हूं और इससे भी ज्यादा हैवी वर्कआउट कर चुकी हूं, लेकिन मेरे साथ कभी ऐसा नहीं हुआ। इससे पहले मैने करीब 180 किलो तक की वेट लिफ्टिंग भी की है।' रोबिन मचाडो अब ठीक हो रही हैं और उनके इस वीडियो को अब तक 20 मिलियन से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है।

वीडियो शेयर करने की बताई वजह
वीडियो शेयर करने की वजह का जिक्र करते हुए रोबिन मचाडो ने बताया, 'मैं चाहती हूं कि लोग मेरा वीडियो देखें और इस बात को समझें कि कम वजन के साथ सुरक्षित तरीके से भी वेट लिफ्टिंग की जा सकती है। लेकिन, अक्सर मेरे जैसे कुछ लोग जरूरत से ज्यादा वजन के साथ वेट लिफ्टिंग करते हैं, जो उनके लिए खतरनाक साबित हो जाता है।'
ये भी पढ़ें- बिग बॉस 15: फिनाले से 3 दिन पहले बेघर हुई ये स्ट्रॉन्ग कंटेस्टेंट, एविक्शन से हर कोई हैरान











Click it and Unblock the Notifications