Video: सड़क पर टरबाइन, ट्रैफिक से बिजली, इस्तांबुल का ये आइडिया आपको भी पसंद आएगा
इस्तांबुल, 7 अप्रैल। सड़कों पर गाड़ियों की बढ़ती संख्या शहरों में ट्रैफिक की समस्या भी खड़ी कर रही है। आपका भी ट्रैफिक जाम से सामना तो होता ही होगा। लेकिन सड़कों पर वाहनों की संख्या जहां ट्रैफिक की समस्या बढ़ा रही हैं वहीं अगर इसके बारे में थोड़ा नियोजन किया जाए तो इस ट्रैफिक से बिजली भी बनाई जा सकती है। आप सोच रहे होंगे कि ट्रैफिक से बिजली कैसे बन सकती है तो जान लीजिए, ऐसा सिर्फ हो सकता नहीं बल्कि हो रहा है।

इस्तांबुल में ट्रैफिक से बिजली
तुर्की के इस्तांबुल शहर ने ट्रैफिक की मदद से बिजली बनाने पर काम शुरू भी कर दिया है। इस्ताबुंल की सड़कों पर ऐसे यंत्र लगाए गए हैं जो सडकों पर चल रहे ट्रैफिक की मदद से बिजली तैयार करते हैं और इस बिजली का इस्तेमाल सड़कों पर रोशनी के लिए किया जाता है।
इस्तांबुल की सड़कों के बीच में लगाई गई इस डिवाइस का एक वीडियो सामने आया है जो एक यूजर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। यह वीडियो तेजी से देखा जा रहा है।

इस्तांबुल की सड़कों पर टरबाइन
वीडियो में दिख रहा है कि इस्तांबुल की सड़कों पर विंड टरबाइन लगाए गए हैं जो ट्रैफिक के गुजरने से हवा में होने वाली हलचल से संचालित होते हैं। आसान भाषा में ऐसे समझिए जब आपके बगल से सड़क पर गाड़ी गुजरती है तो उसके साथ हवा का झोंका भी आता है। अब इसी हवा के झोंके का इस्तेमाल टरबाइन चलाने में किया जाता है जिससे बिजली बनती है। इस बिजली का इस्तेमाल स्ट्रीट लाइट या दूसरी चीजों में किया जा सकता है। है न बढ़िया आइडिया?

बिजली के अलावा भूकंप का भी पता
ये टरबाइन लंबवत होती है जिन्हें ENLIL कहा जाता है। इसे इस्तांबुल टेक्निकल यूनिवर्सिटी और टेक फर्म डेवेसिटेक ने तैयार किया है।
ईएनएलआईएल सिर्फ बिजली बनाने के ही काम नहीं आते। इसमें तापमान और आर्द्रता को रिकॉर्ड करने के लिए सेंसर भी लगे हैं। इसके साथ ही भूकंप गतिविधि और कार्बन फुटप्रिंट का भी पता लगा सकते हैं।

पारंपरिक टरबाइन से अलग
यह उपकरण पारंपरिक टरबाइनों जितने बड़े नहीं होते लेकिन इनके ब्लेड को इस तरह से डिजाइल किया जाता है कि एक घंटे में एक किलोवाट ऊर्जा का उत्पादन कर सकते हैं।
साथ ही इसके टॉप पर एक अतिरिक्त सौर पैनल भी लगाया गया है जो इतनी बिजली का उत्पादन कर सकता है जो एक दिन में दो घरों के लिए पर्याप्त होगी।












Click it and Unblock the Notifications