बेटी ने कहा- 'सौतेली मां को शादी में नहीं बुलाऊंगी', गुस्साए बाप ने कैंसल कर दी शादी की पूरी पेमेंट
इस शख्स ने अपनी पूरी कहानी को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है और अपने इस फैसले की वजह भी बताई है।
नई दिल्ली: हर पिता की ख्वाहिश होती है कि वो अपनी बेटी की शादी धूमधाम से करे। इसके लिए काफी पहले से वेडिंग प्लानिंग भी शुरू हो जाती है। खाने से लेकर सजावट तक...और कपड़ों से लेकर गहनों तक, हर चीज को यादगार बनाने के लिए कुछ लोग हद से ज्यादा खर्चा भी करते हैं। लेकिन, अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर शायद आपका भी सिर चकरा जाए। दरअसल एक पिता ने ऐन मौके पर अपनी बेटी की शादी में खर्च के लिए रकम देने से इनकार कर दिया। इस शख्स ने अपनी पूरी कहानी को सोशल साइट रेडिट पर पोस्ट किया है और अपने इस फैसले की वजह भी बताई है।

क्या है ये पूरा मामला
डेली स्टार की खबर के मुताबिक, रेडिट पर पोस्ट की गई अपनी कहानी में 58 साल के इस शख्स ने बताया कि उसकी बेटी ने मेहमानों की जो लिस्ट बनाई थी, उसमें अपनी ही मां (सौतेली) यानी शख्स की पत्नी का नाम शामिल नहीं किया। शख्स ने पहले अपनी बेटी को समझाया और उससे कहा कि वो अपनी मां को भी शादी में बुलाए, लेकिन जब उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया, तो शख्स ने भी फैसला लिया कि वो शादी के खर्च के लिए रकम नहीं देगा।

'गेस्ट लिस्ट में मेरी ही पत्नी का नाम नहीं'
शख्स ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मेरी बेटी इसी साल शरद ऋतु में शादी करने जा रही है। मैंने कहा था कि उसकी शादी का सारा खर्च मैं उठाऊंगा और हम दोनों के बीच इस बात पर सहमति भी बन गई थी। शादी में सबसे पहली पेमेंट निमंत्रण कार्ड के लिए होनी थी, जिसका सैंपल हमारे पास भेजा गया और उसे अप्रूव करने के बाद मैं पूरी रकम देने वाला था। लेकिन, जब मैंने गेस्ट लिस्ट देखी तो उसमें मेरी ही पत्नी का नाम शामिल नहीं था।'

'15 साल पहले हो चुका है पहली पत्नी से तलाक'
अपनी रेडिट पोस्ट में शख्स ने आगे बताया, 'करीब 15 साल पहले ही मेरी बेटी की मां यानी पहली पत्नी से मेरा तलाक हो चुका है और मेरी दूसरी शादी को 8 साल हो चुके हैं। हालांकि मेरी बेटी को कभी मेरी दूसरी पत्नी पसंद नहीं आई और इसी वजह से उन दोनों के बीच सबकुछ ठीक भी नहीं रहा। मेरे दूसरे दोनों बच्चे हालांकि मेरी इस पत्नी को पसंद करते हैं।'

'पहली पत्नी के ब्वॉयफ्रेंड का नाम गेस्ट लिस्ट में'
शख्स ने लिखा, 'जब गेस्ट लिस्ट में मैंने अपनी पत्नी का नाम नहीं देखा तो बेटी को बुलाया और उससे पूछा कि इसकी क्या वजह है? तो उसने साफ तौर पर अपनी सौतेली मां को शादी में बुलाने से मना कर दिया। इसके अलावा गेस्ट लिस्ट में मेरी पहली पत्नी के ब्वॉयफ्रेंड का नाम भी शामिल था। ये सब देखकर मैंने उसे अपना फैसला सुना दिया कि मैं तुम्हारी शादी में अब कोई रकम खर्च नहीं करूंगा।'

पोस्ट पर लोगों ने क्या कहा
अपनी पोस्ट में शख्स ने आगे बताया, 'मैंने निमंत्रण कार्ड की पेमेंट कैंसल कर दी और अब मेरी बेटी अपनी सगी मां की ही तरह मुझसे गुस्सा है।' वहीं, शख्स की इस पोस्ट पर लोगों के कमेंट भी आए हैं। एक यूजर ने लिखा कि ये सही कदम है, क्योंकि कोई अपनी दौलत कहां खर्च करेगा या नहीं, ये उसका अपना फैसला है। एक और यूजर ने लिखा, 'जिस तरह आपकी बेटी ये तय कर सकती है कि शादी में कौन आएगा या कौन नहीं, उसी तरह आप भी ये फैसला कर सकते हैं कि शादी का खर्च आप देंगे या नहीं।' (सभी तस्वीरें प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications