छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के बीच भूपेश बघेल की अपील, वोट जरूर करें, यह प्रदेश का भविष्य तय करेगा
छत्तीसगढ़ में आज दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। लोग आज अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पहुंच रहे हैं। इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोगों से अपील की है कि वह प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए अवश्य वोट करें। आपके वोट से प्रदेश का भविष्य तय होगा।
भूपेश बघेल ने कहा कि आज 70 सीटों पर मतदान होना है और यह प्रजातंत्र का महापर्व है। छत्तीसगढ़ में पर्व मनाने की परंपरा है। हम तीज मनाते हैं, होली, दिपावली मनाते हैं। दिपावली पर्व तो जब भगवान राम लंका विजय करके आए थे तो विजयोत्सव के रूप में मनाते हैं। भगवान राम का तो यह ननिहाल है। माता कौशल्या का यह तो मायका है, इसलिए हमारे लिए तो खुशी और बढ़ जाती है।

हमारे छत्तीसगढ़ के लोग स्वधर्मी लोग हैं, कोई महीना और पखवाड़ा नहीं जाता है जब कोई तीज-त्योहार नहीं होता है। प्रकृति के साथ मस्त रहने वाले लोग हैं, उन्मुक्त जीवन जीने वाले लोग हैं। आज जब आप मतदान करेंगे तो आपका एक वोट किसानों के, मजदूरों के, महिलाओं के युवाओं के भविष्य तय करेगा। छत्तीसगढ़ किस रूप में आगे बढ़ेगा, यह भी इस मतदान से तय होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपसे अपील है कि मतदान करने अपने घर से अवश्य निकलिए, मतदान केंद्र पहुंचिए और मताधिकार का प्रयोग करें और छ्त्तीसगढ़ को सजाने-संवारने का अपना प्रयास करिए। बता दें कि छत्तीसगढ़ में आज दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। दूसरे चरण में 70 सीटों पर मतदान हो रहा है। मतों की गणना 3 दिसंबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications