बीकानेर में बीच बाजार से गुजरती है ट्रेन, 5 हजार लोग कर रहे हैं रेल पटरियों पर सोने की तैयारी
बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर शहर के लिए नासूर बन चुकी कोटगेट रेलवे फाटक की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को अनूठा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला है। यहां चित्रकारों ने रेलवे क्रोसिंग पर इस समस्या को अपने केनवास पर उतारकर नेताओं और अधिकारियों की ओर ध्यान आकर्षित किया।

चित्रकार मोना सरदार डूडी ने केनवास पर बीरबल की खीचड़ी व नेताओं के मुंह पर काली पोतकर अपना विरोध जाहिर किया। इस अनूठी प्रदर्शनी को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। वहीं, इस समस्या से परेशान लोगों ने भी चित्रकारों की मुहिम का समर्थन कर उनका हौसला बढ़ाया।
इस अनूठे प्रदर्शन को लेकर मोना सरदार डूडी ने बताया कि गुरुवार को लोक नायक भगतसिंह संस्था के तत्वावधान में रेलवे फाटक की समस्या को लेकर नेताओं की ओर ध्यान आकर्षित किया है। मोना सरदार डूडी ने कहा कि बड़ा दुख होता है जब जितनी बार भी हम जनप्रतिनिधि को चुनकर भेजते हैं, वो हर बार इस रेल फाटक की समस्या को लेकर झांसे मारते हैं।
झूठ बोलते हैं कि बाईपास समस्या का समाधान है। कभी बोलते हैं एलिवेटेड रोड बनाएंगे। मगर आज तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। अब समय समस्या का सामाधान करने का आ गया है। अगर 15 दिन के भीतर रेल फाटक की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भगत सिंह संस्था के 5 हजार कार्यकर्ता रेल की पटरी पर सो जाएंगे। चाहे हमें जेल जाना पड़े।

गौरतलब है कि बीकानेर शहर में रेलवे फाटक की समस्या रियासतकाल से चली आ रही है। मगर आज तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। शहर के बीचोंबीच रेल फाटक बंद होने से आए दिन जाम लगता है। वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।जनप्रतिनिधियों ने आज तक इस समस्या की कोई सुध नहीं की जिसके चलते चित्रकारों को आगे आकर इस समस्या को नेताओं व अधिकारियों को बताना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications