Bijnor News UP: खेत से कामकर लौट रहे तीन सगे भाइयों की नदी में डूबने से मौत, ऐसे हुआ हादसा
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन भाइयों की नदी में डूबने से मौत हो गई है। तीनों के शवों को बाहर निकाल लिया गया है। गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के मुताबिक, गांव रफैतपुर निवासी तीन सगे भाई ओमप्रकाश सिंह (40), तेजपाल (25) और जयसिंह (21) पीली नदी में डूब गए। एकदूसरे को बचाने में तीनों की जान चली गई। दरअसल, गांव रफैतपुर निवासी बिरेंद्र सिंह का खेत पीली नदी के पार है। गांव के ही ओमप्रकाश सिंह, तेजपाल व जयसिंह पुत्रगण बलबीर और जयपाल सिंह पुत्र हरकेश बुधवार सुबह छह बजे बिरेंद्र सिंह के साथ उनके गन्ने के खेत में निराई करने के लिए गए थे।
सुबह जाते समय नदी में पानी नहीं था। लौटते समय अचानक पानी बढ़ गया।

नदी के पानी से निकलने पर जयसिंह डूबने लगा। ओमप्रकाश व तेजपाल ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वे भी डूब गए, जबकि जयपाल व बिरेंद्र पानी से किसी तरह से बाहर आ गए। दोनों ने गांव आकर युवकों के परिजनों सहित अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। सभी लोग एकत्र होकर नदी पर पहुंचे और युवकों की तलाश की।
पीली नदी में डूबे मृतक ओमप्रकाश अपने पांचों भाई में सबसे बड़ा था। दूसरे नंबर का भाई मलखान है। तेजपाल तीसरा, जय सिंह चौथे और दुष्यंत पांचवें नंबर का भाई था। ओमप्रकाश तैरना जानता था, बाकी दोनों भाई नहीं। जब जयसिंह डूबने लगा तो ओमप्रकाश ने उसे बचाने का प्रयास किया। बचाने के प्रयास के चलते दोनों भाई ओमप्रकाश से लिपट गए और बह गए। जब शव मिले तो तीनों लिपटे हुए थे। इसी स्थिति में तीनों की मौत हो गई।
मौके पर पहुंची एसडीएम रीतू चौधरी ने कहा कि पीली नदी पर पुल निर्माण के बारे में मालूम किया जा रहा है। सिंचाई विभाग से संपर्क कर ग्रामीणों की समस्या का समाधान किया जाएगा। वहीं, पीड़ित परिवार को भी हरसंभव मदद कराने का प्रयास किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications