बिजनौर: सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए निकली अनियंत्रित कार, तीन की मौत
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को रौंद दिया। हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए बिजनौर जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां एक घायल मजदूर की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना में तीन मजदूरों की मौत से मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Recommended Video

दो लोगों की मौके पर ही मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
दरअसल, बिजनौर हलदौर मार्ग पर स्थित ग्राम बिसाट के निकट स्थित आम के बाग के बाहर जनपद अमरोहा के थाना नौगांवा सादात निवासी आम व्यापारी नईम व लेबर ठेकेदार फूल सिंह अपने दो अन्य मजदूर नासिर और पप्पू के साथ सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली के पास खड़े थे। तभी अचानक एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े इन लोगों पर चढ़ गई, जिससे नईम व फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके साथ खड़े मजदूर नासिर व पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर बिजनौर जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। नासिर व पप्पू को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया, जहां उपचार के दौरान पप्पू ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक नईम के भाई की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications