Railway Employee: मेरठ जैसा हत्याकांड अब बिजनौर में! लव मैरिज, किराए का घर और फिर ले ली जान
Railway Employee: बिजनौर के नजीबाबाद में एक रेलकर्मी की रहस्यमयी मौत के मामले ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। दीपक नाम के इस युवक की पत्नी ने दावा किया था कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम में जो खुलासा हुआ, उसने सबको चौंका दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि दीपक की मौत हार्ट अटैक से नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या है। यह मामला मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड जैसा लग रहा है, जहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा था।

पुलिस ने दीपक की पत्नी शिवानी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। दीपक के परिवार ने आशंका जताई है कि शिवानी ने नौकरी हासिल करने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया है।
रेलवे कर्मचारी था दीपक, पत्नी ने दी थी झूठी जानकारी
दीपक रेलवे स्टेशन नजीबाबाद के कैरिज एंड वैगन विभाग में तकनीकी पद पर तैनात था। वह अपनी पत्नी शिवानी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। शिवानी ने दीपक के परिजनों को फोन कर जानकारी दी कि दीपक की मौत पूजा करते समय हार्ट अटैक से हो गई है।
लेकिन जब शव का पोस्टमार्टम हुआ, तो मामला पूरी तरह से पलट गया। दीपक के भाई पीयूष ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया। रिपोर्ट में शिवानी और एक अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिवानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी एंगल से जांच की जा रही है।
हत्या के पीछे नौकरी पाने की साजिश?
दीपक के परिजनों का आरोप है कि शिवानी की नीयत दीपक की सरकारी नौकरी पर थी। मां पुष्पा और भाई पीयूष का कहना है कि शिवानी अक्सर ससुराल वालों से विवाद करती थी और उसका व्यवहार ठीक नहीं था।
उन्होंने दावा किया कि शिवानी ने किसी और के साथ मिलकर साजिश रची ताकि दीपक की मौत के बाद वह उसकी नौकरी पर दावा कर सके। दीपक और शिवानी का एक साल का बेटा वेदांत भी है। परिवार का कहना है कि शिवानी स्नातक है और नौकरी के लिए लालायित थी।
दीपक की मौत से बच्चा भी अनाथ हो गया है। अब सवाल ये है कि अगर हत्या साबित होती है, तो वेदांत की परवरिश कौन करेगा?
पहले सीआरपीएफ में था तैनात
दीपक पहले सीआरपीएफ मणिपुर में तैनात था। बाद में उसने यह नौकरी छोड़कर मार्च 2023 में रेलवे में तकनीकी कर्मचारी के तौर पर जॉइन किया था। रेलवे की नौकरी में वह पूरी ईमानदारी से काम कर रहा था और अपने परिवार के भविष्य के लिए मेहनत कर रहा था।
यह मामला मेरठ के मुस्कान-सौरभ हत्याकांड से मिलता-जुलता माना जा रहा है। वहां भी प्रेम विवाह हुआ था, एक बच्चा था और पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी थी। दोनों ही मामलों में महिलाएं किराए के मकान में पति संग रह रही थीं और परिजनों से दूर थीं। अब दोनों ही महिलाएं सलाखों के पीछे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। शिवानी से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। परिजनों ने जिस अज्ञात व्यक्ति पर शक जताया है, उसकी भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications