बिजनौर: शादी समारोह में जा रहे 5 युवक कार समेत गंगनहर में समाए, 4 की लाशें बरामद
बिजनौर। देहरादून से शादी समारोह में बिजनौर जाने के लिए निकले पांच युवक कार समेत गंगनहर में समा गए। नहर में कार के डूबते ही एक युवक तो तैर कर जान बचाने में कामयाब रहा लेकिन बाकी चार लापता हो गए थे। एक दिन की तलाशी के बाद गोताखोरों और पीएसी जवानों की मदद से चारों की लाशों को नहर से बरामद कर लिया गया है। चारों युवकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र के मुताबिक, मंडावली थाना क्षेत्र में गंगनहर के पास तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराते हुए पानी में समा गई थी। इस हादसे में कार में सवार रोहित नाम का युवक तो तैरकर बाहर निकल आया लेकिन बाकी चार युवकों का कुछ पता नहीं चला। सभी युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिजनौर जा रहे थे।

सूचना मिलने पहुंचे पुलिस प्रशासन ने नहर में समाई कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला और गोताखोरों की मदद से युवकों की तलाश शुरू की गई लेकिन रविवार को उनको तलाशने में सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद युवकों की तलाश के लिए मुरादाबाद से 23वीं बटालियन के पीएसी जवानों को बुलाया गया।

नहर में पानी को कम किया गया और चारों युवकों की लाशों को बरामद कर लिया गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बिजनौर अस्पताल भेजा गया।












Click it and Unblock the Notifications