Bijnor: टोल बचाने के चक्कर में हुआ बड़ा हादसा, नदी में डूबी मैजिक सवार तीन की मौत, बच्ची का तलाश जारी
Bijnor News: नदी का जलस्तर बढ़ने की वजह से उत्तर प्रदेश के बिजनौर में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पांवधोई नदी में डूबने से ननद और भाभी समेत एक बच्ची की मौत हो गई। जबकि, एक बच्ची अब भी लापता है। तो वहीं, मैजिक के ड्राइवर ने तैर कर अपनी जान बचा ली और नदी से बाहर निकल आया।
इस हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन शव बरामद कर लिए है। वहीं, लापता बच्ची की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है। पुलिस ने नदी में गिरी मैजिक गाड़ी को भी क्रेन की मदद से बाहर निकल लिया है। यह हादसा बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र के कोटरा इलाके में 13 जुलाई की देर रात हुआ।

बता दें कि नगीना थाना क्षेत्र के कलालान इलाके में रहने वाले अनवर अपनी पत्नी रूबी (27) वर्ष और बहन शानवी (15) को लेकर पुरैनी में दवाई लेने के लिए गया था। इस दौरान अनवर के साथ उसकी साढ़े 3 साल की बेटी उमेदा और आयशा (डेढ़ वर्ष) भी साथ थी। दवा लेने के बाद घर लौटे वक्त अनवर नेशनल हाईवे पर जाने के बजाय कस्बा कोटरा से नगीना का रास्ता चुना था।
क्योंकि, नेशनल हाईवे से नगीना जाने वाले रास्ट में टोल प्लाजा पड़ता है। टोल टैक्स के 150 रुपये बचाने के चक्कर में वह कस्बा कोटरा के रास्ते नगीना अपने घर वापस जा रहा था। रास्ते में पाव धोई नदी पड़ती है, जो बारिश होने के कारण विकराल रूप धारण किए हुए है। पावधोई नदी के पास से गुजरते वक्त अवर को जलभराव के कारण सड़क दिखाई नहीं दी।
सड़क दिखाई ना देने के कारण अनवर मैजिक गाड़ी सहित नदी में गिर गया और गाड़ी नदी में समा गई। मैजिक में सवार अनवर की पत्नी रूबी, बहन शानवी और एक बच्ची की मृत्यु हो गई। वहीं, एक बच्ची अभी भी लपता है जिसकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हालांकि, बच्चियों का पिता अनवर नदी से तैर कर बाहर आ गया, जिससे उसकी जान बच गई।
वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को क्रेन की मदद से बाहर निकाला व मृतक रूबी, शानवी और एक बच्ची के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications