बेगूसराय: कई टुकड़ों में मिली महिला डीलर की लाश, वजह प्रेम प्रसंग या पैसा?
पटना। पांच दिन पहले बिहार के बेगूसराय जिले की विधवा महिला डीलर का अपहरण हो गया था और अब अपहरणकर्ताओं ने हत्या कर उसके टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इस बात का खुलासा बेगूसराय पुलिस ने किया। दरअसल, 15 मार्च को बेगूसराय की रहने वाली 45 साल की विधवा कविता देवी का टुकड़ों में बिखरा हुआ शव मिला। अपराधियों ने गर्दन, पैर, हाथ, उंगलियों को काटकर बेरहमी से हत्या की। फिर लाश के टुकड़े को जमीन में गाड़ दिया। मृतका के चेहरे पर तेजाब भी डाल दिया था।

कविता देवी का हुआ था अपहरण
शाहपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी सादपुर दियारा के पास से पुलिस ने नीमाचांदपुरा थाना क्षेत्र के कुसमहौत की रहने वाली कविता देवी वार्ड 5 की डीलर की लाश बरामद की थी जिसके बाद मामले की जांच पड़ताल शुरू हुई। मिली जानकारी के अनुसार, बेगूसराय के नीमा चांदपुर में अज्ञात बदमाशों के द्वारा वहां की डीलर कविता देवी का अपहरण कर लिया गया। मामला पैसा लेन-देन से संबंधित बताया जा रहा था। कविता देवी ने अपने दोस्त को पैसे दिए थे और अपनी बेटी की शादी के लिए पैसा वापस मांग रही थी। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ और कविता देवी को रास्ते से हटाने के लिए उसका अपहरण कर लिया गया। इस मामले में कविता देवी के भाई दिनेश राम ने नीमाचांदपुरा पुलिस को आवेदन देकर गांव के ही मो. आलम उर्फ आला, उसकी पत्नी खुशबू खातून, मो. आला की मां मो. जमील, मो. जमील की बेटी रवीना खातून और उसका पति मो. सलाम और मो. आला के भाई पर अपनी बहन का अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया।

अपराधियों ने कई टुकड़ों में काटकर जमीन में गाड़ा
उसका कहना था कि 15 मार्च को कविता डीलर संघ की मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए बेगूसराय पावर हाउस गई थी। उसी शाम को उसकी बहन के मोबाइल से फोन आया लेकिन शोर की वजह से बात नहीं हुई। उसके बाद मोबाइल स्वीच ऑफ हो गया। कविता देवी ने अपने दोस्त मो. आला को 25 लाख रुपए उधार दिए थे और अपनी बेटी की शादी के लिए वापस मांग रही थी । इसी दौरान उसका अपहरण हो गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही थी, तभी टुकड़ों में कटी हुई लाश मिलने की सूचना मिली और जांच के दौरान यह अनुमान लगाया गया कि यह लाश कविता देवी की है।

शव को पहचानना था मुश्किल
घटना को अंजाम देने वाले हत्यारों ने पहचान छुपाने के लिए लाश को कई टुकड़े में काट दिया था। शव के टुकड़ों पर तेजाब डाल दिया जिससे शव की पहचान करना नामुमकिन हो गया। हत्यारों ने कविता की हथेली और 4 अंगुली भी काट दिए थे लेकिन एक अंगुली में मृतका की अंगूठी व हाथ में बाला मौजूद था जिससे दिनेश ने शव की पहचान की। वहीं बातचीत करते हुए एसएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद यह पता चला है कि यह हत्या प्रेम प्रसंग में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। डीएसपी के नेतृत्व में टीम बना कर मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications