Bihar Chunav 2025: CM पद की कुर्सी पर किसका दावा मज़बूत?, दिलचस्प मोड़ पर महागठबंधन, NDA और जनसुराज की जंग!
Bihar Chunav 2025: बिहार की सियासत एक बार फिर मोड़ पर है। 2025 विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है, नेतृत्व के सवाल पर बहस तेज होती जा रही है। एनडीए जहां नीतीश कुमार को अब भी अपना चेहरा बता रही है, वहीं जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को लेकर कयासबाज़ी शुरू हो चुकी है।
क्या पीके, जिनकी पार्टी अगर 25-30 सीटें जीत जाती है, सत्ता के शिखर तक पहुंच सकते हैं? यह सवाल केवल राजनीतिक विश्लेषण का विषय नहीं, बल्कि आने वाले समय की संभावित पटकथा भी है।

बीजेपी में नेतृत्व का संकट?
बिहार बीजेपी के पास सम्राट चौधरी और नित्यानंद राय जैसे नेता तो हैं, लेकिन कोई ऐसा सर्वमान्य चेहरा नहीं है जिसे बिना विवाद के सीएम पद के लिए आगे बढ़ाया जा सके। सम्राट चौधरी, भले ही कुशवाहा समुदाय से हैं, पार्टी में डिप्टी सीएम के रूप में स्थापित हैं, लेकिन उनकी राज्यव्यापी स्वीकार्यता नहीं है।
पीके का उदय, एक नई राजनीति की शुरुआत?
दूसरी ओर, नीतीश कुमार की उम्र, स्वास्थ्य और घटती लोकप्रियता ने एनडीए को बैकअप प्लान की जरूरत महसूस कराई है। यही शून्य प्रशांत किशोर के लिए अवसर बन सकता है। प्रशांत किशोर की सबसे बड़ी पूंजी उनकी साफ-सुथरी छवि, रणनीतिक कौशल और राजनीति से पहले का अपोलिटिकल अनुभव है।
पीके ने 3,000 किलोमीटर की पदयात्रा के जरिए जनता से सीधा संवाद कायम किया, जो उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में प्रस्तुत करता है, जो बिहार को जातीय समीकरणों से ऊपर उठाकर विकास और सुशासन के रास्ते पर ले जाना चाहता है। यह दृष्टिकोण उस वर्ग को आकर्षित करता है जो मौजूदा राजनीति से थक चुका है, विशेषकर युवा, शहरी, शिक्षित और परिवर्तनकामी मतदाता।
सीटों की संख्या और शक्ति संतुलन
बिहार विधानसभा में 25 से 30 सीटें किसी भी पार्टी के लिए निर्णायक शक्ति बन सकती हैं, खासकर त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति में। अगर एनडीए या महागठबंधन स्पष्ट बहुमत से दूर रहते हैं, तो जन सुराज पार्टी किंगमेकर नहीं, किंग भी बन सकती है।
हालांकि पीके ने फिलहाल बीजेपी या किसी दल के साथ चुनाव बाद गठबंधन की संभावना से इनकार किया है, लेकिन बिहार की राजनीति ने हमें सिखाया है कि राजनीतिक यथार्थ सिद्धांतों से अधिक शक्तिशाली होता है।
बीजेपी के लिए प्रशांत किशोर, एक स्वाभाविक लेकिन कठिन विकल्प
प्रशांत किशोर की बीजेपी से पुरानी नजदीकी, विशेष रूप से नरेंद्र मोदी के 2014 अभियान में उनकी भूमिका, उन्हें भाजपा के लिए 'साफ लेकिन रणनीतिक' विकल्प बनाती है। यदि बीजेपी नेतृत्व महसूस करता है कि नीतीश कुमार का विकल्प खोजना अनिवार्य है और सम्राट चौधरी जैसे नेता पर्याप्त जनस्वीकार्यता नहीं रखते, तो पीके बाहरी लेकिन प्रभावी विकल्प हो सकते हैं। विशेषकर तब, जब उनका समर्थन सत्ता की चाभी हो।
चुनौतियाँ भी कम नहीं
प्रशांत किशोर की राह में सबसे बड़ी चुनौती है- संगठनात्मक ढांचा। जन सुराज पार्टी एक मजबूत जमीनी संगठन के अभाव में है, जिसकी झलक 2024 उपचुनाव की हार में मिली। साथ ही, सियासी अनुभव की कमी और गठबंधन धर्म में संतुलन साधने की योग्यता को भी परखा जाएगा।
इसके अतिरिक्त, बीजेपी के परंपरागत वोटबैंक - सवर्ण, ओबीसी, ईबीसी - को जन सुराज कितनी हद तक आकर्षित कर पाएगी, यह भी निर्णायक होगा। बिहार की राजनीति फिलहाल नेतृत्व की दोराहे पर खड़ी है। यदि 2025 में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनती है। तो बिहार में नया सियासी समीकरण बन सकता है। जन सुराज पार्टी 25-30 सीटें जीत जाती है तो...
पीके का सितारा होगा बुलंद?
प्रशांत किशोर एक ऐसा नाम बन सकते हैं जो न केवल सत्ता की चाबी रखेगा बल्कि मुख्यमंत्री पद की कुर्सी पर भी दावा ठोक सकता है। प्रशांत किशोर की रणनीतिक बुद्धिमत्ता, युवाओं में लोकप्रियता और पारंपरिक राजनीति से अलग छवि उन्हें विशेष बनाती है। यह कहना जल्दबाज़ी होगा कि प्रशांत किशोर बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे, लेकिन यह कहना भी गलत नहीं होगा कि वे इस पद के सबसे अप्रत्याशित लेकिन प्रासंगिक दावेदार बनकर उभरे हैं।












Click it and Unblock the Notifications