Bihar Weather News: हथिया नक्षत्र की बारिश से तबाही, अब महसूस होने लगी गुलाबी ठंड, बिहार में कैसा रहेगा मौसम
Bihar Weather Update News: बिहार में पिछले 2-3 दिनों के दौरान हथिया नक्षत्र के प्रभाव से हुई जोरदार बारिश ने तबाही मचा दी है। कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई, जबकि तेज आंधी और बिजली गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
किसानों को इस बारिश का सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ा है। खेतों में पानी भर जाने से धान, सब्जी, आलू और मोटे अनाज की फसलें बर्बाद हो गईं।

दो दिनों में 92.9% ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों में बिहार में सामान्य से 92.9 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। जहां इस अवधि में सामान्य वर्षा 10 मिमी होती है, वहीं इस बार 92.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। इतनी अधिक बारिश ने कई इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचाया और गांवों में जलभराव की स्थिति बना दी।
24 जिलों में ठनका गिरने का खतरा, येलो अलर्ट जारी
हालांकि सोमवार को पूरे बिहार में बारिश थम गई, लेकिन 24 जिलों में ठनका (बिजली गिरने) का खतरा बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
पटना, गया, पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक रहने की उम्मीद है। येलो अलर्ट के तहत लोगों को खुले में न जाने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम में आ रही है ठंडक
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो औसत समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके प्रभाव से 8 अक्टूबर तक राज्य में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।
9 अक्टूबर से मौसम शुष्क होने लगेगा और दिन में धूप खिलने से तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। हालांकि, सुबह और शाम के समय गुलाबी ठंड महसूस होने लगी है - यह संकेत है कि बिहार में अब सर्दियों की दस्तक शुरू हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications