पटनाः BJP ऑफिस के बाहर वार्ड सचिवों ने जमकर किया हंगामा, पुलिस ने की लाठीचार्ज
पटना। बिहार की राजधानी पटना में भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर वार्ड सचिवों ने अपनी सरकार की तरफ से नियुक्ति रद्द किया जाने को लेकर जमकर बवाल काटा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार को अपनी मांगों को लेकर वार्ड सचिव भाजपा दफ्तर के बाहर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। वहीं जब पुलिस को मामले की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंची और एकत्रित वार्ड सचिवों को समझाकर वहां से हटाने का प्रयास किया लेकिन जब वार्ड सचिव नहीं मानें तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई से आक्रोशित वार्ड सचिवों ने भी पुलिसकर्मियों पर जमकर पत्थर बरसाएं।

फिर जब मौके पर हालात बेकाबू होने लगा तो पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू के गोले भी दागे। इस दौरान पूरे वीरचंद पटेल मार्ग पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही। भाजपा कार्यालय के बाहर रणक्षेत्र जैसा नजारा देखने को मिली। बताया जाता है कि वार्ड सचिव पिछले कई दिनों से गर्दनीबाग धरनास्थल के अपनी कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। लेकिन सरकार की तरफ से उनकी मांगों पर विचार नहीं होने के बाद सोमवार को वार्ड सचिव उग्र हो गए और एक साथ मिलकर भाजपा कार्यालय के बाहर जुट गए।
इस दौरान भाजपा कार्यालय का गेट बंद कर दिया गया। तभी वार्ड सचिव और नाराज हो गए और जमकर गेट के बाहर ही हंगामा करने लगे। आननफानन में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश की लेकिन वार्ड सचिव मानने को तैयार नहीं हुये। दरअसल, वार्ड सचिवों की मांग है कि उनकी नियुक्ति को स्थायी किया जाए और वार्ड सचिवों को हटाने संबंधी पत्र वापस लिया जाए। साथ ही उनके बकाए पैसे का भुगतान भी जल्द से जल्द किया जाए। वहीं काम के एवज में वेतन देने की मांग भी वार्ड सचिव कर रहे हैं।
वहीं जिला नियंत्रण कक्ष के विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट एमएस खान ने कहा कि पंचायत सचिवों ने भाजपा कार्यालय के बाहर अवैध रूप से धरना प्रदर्शन किया। मंत्री से मिलने के बाद भी उन्होंने हिंसा का संकल्प लिया। हमने उन्हें तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन, आंसू गैस का इस्तेमाल किया।












Click it and Unblock the Notifications