Bihar Politics: खगड़िया से मिली VIP को नई ताक़त, मुकेश सहनी ने नीतीश कुमार को लेकर किया हैरतअंगेज़ दावा
Khagaria VIP News: बिहार की राजनीति में अब नए मोड़ आने शुरू हो चुके हैं। खगड़िया जिले से एक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है, जहां खगड़िया मुखिया संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह कुशवाहा समेत 22 मुखिया और उनके समर्थकों ने विकासशील इंसान पार्टी (VIP) की सदस्यता ग्रहण की है।
पटना में आयोजित एक विशेष मिलन समारोह में VIP प्रमुख और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने इन सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि "VIP अब सिर्फ एक पार्टी नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और हाशिए के समाज की आवाज बन चुकी है।"

सहनी ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना
मंच से संबोधित करते हुए मुकेश सहनी ने कहा, कि बिहार में सरकार नीतीश कुमार नहीं चला रहे हैं। आयोग में 'दामादों' की नियुक्ति अगर हो रही है तो यह साफ इशारा है कि अब कोई और सरकार के फैसले ले रहा है।
मुकेश सहनी ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने का मोह बिहार को गर्त में ले जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिहार में डबल इंजन की सरकार है, तो गरीबी क्यों बढ़ रही है? गुजरात में गरीबी कम हो रही है और बिहार में बढ़कर 37% तक पहुंच गई है। ये कैसा विकास है?
VIP में शामिल हुए अनिल कुमार सिंह का बयान
अनिल कुमार सिंह कुशवाहा ने कहा, "VIP की नीतियां और मुकेश सहनी का संघर्ष हमें इस पार्टी की ओर खींच लाया। आज बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत किसी से छिपी नहीं है। ऐसे में बदलाव जरूरी है।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पार्टी की ओर से जो भी ज़िम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी VIP: सहनी
मुकेश सहनी ने ऐलान किया कि VIP महागठबंधन का हिस्सा बनी रहेगी और 243 सीटों पर चुनाव की तैयारी में लगी है। तेजस्वी यादव को समन्वय समिति का प्रमुख बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है।
मंच पर मौजूद थे कई वरिष्ठ नेता
इस अवसर पर VIP के वरिष्ठ नेता नुरुल होदा, डॉ. सुनील कुमार, नवीन सहनी, राम बिंद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। यह इवेंट आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
खगड़िया जैसे ज़िले से VIP को मजबूत जनाधार मिलना साफ करता है कि नीतीश सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है और महागठबंधन की आंतरिक राजनीति भी गरमाई हुई है। मुकेश सहनी अब VIP को केवल निषाद समाज तक सीमित नहीं रहने देना चाहते, बल्कि पूरे बिहार में विस्तार चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications