बिहार: चोरी का किया विरोध तो बुजुर्ग महिला के काटे जीभ व होंठ
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में मानवता उस समय तार-तार हो गयी, जब कटहल चोरी करने से मना करने पर एक बुजुर्ग विधवा के यहां चोरी करने आये युवकों ने धारदार हथियार से उसकी जीभ व होंठ काट डाले। घटना के बाद लहू-लुहान महिला को ग्रामीणों के सहयोग से उसे भोरे रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने कटेया थाना क्षेत्र का मामला बताते हुए उसे कटेया भेज दिया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद महिला को रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

बता दें कि कटेया थाना क्षेत्र के मगहियां गांव निवासी सोमरिया देवी के घर शनिवार की रात कटहल चोरी करने दो चोर घुस आए। नींद खुलने पर महिला ने शोर मचाना शुरू किया। शोर मचाते ही दोनों युवकों ने महिला की जमकर पिटाई की। बाद में वो कहीं इस बात का खुलासा ना कर दे इस डर से उसने महिला की जीभ और होंठ को काट डाला। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गये।
फुलवरिया के हैं जुबान काटने वाले दोनों युवक
पीड़ित के तहरीर पर भोरे पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुटी हैं। पुलिस का दावा है कि वृद्धा की जुबान काटने वाले दोनों युवकों की पहचान कर ली गई है। भोरे थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि मामला काफी गंभीर है। जुबान काटने वाले दोनों युवकों की पहचान फुलवरिया थाने के श्रीपुर निवासी संजय मालिक और मुन्ना मालिक के रूप में की गई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications