बिहार: देर रात तेजस्वी ने किया PMCH का औचक निरीक्षण, खराब स्थिति पर अधिकारियों को लगाई फटकार
नई दिल्ली, 07 सितंबर। बिहार के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव ने मंगलवार और बुधवार की रात पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की खराब स्थिति देखकर वह भड़क गए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी फटकार लगाई और बदहाल व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की भी बात कही।

Recommended Video
स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव जिस वक्त रात में अस्पताल पहुंचे उस दौरान अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक नहीं थे और स्वास्थ्य प्रबंधक की जगह नर्सें अपनी ड्यूटी निभा रही थी। वहीं, तेजस्वी के दौरे के बाद पीएमसीएच के अधीक्षक भी अस्पताल पहुंचे। इस पर भी तेजस्वी यादव भड़क गए।
मोर्चरी में ठीक से नहीं रखे थे शव
स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव जब पहुंचे तो अस्पताल के बरामदे (कॉरिडोर) के फर्श पर चारों तरफ गंदगी और मेडिकल कचरा पड़ा था। इसी गंदगी के बीच मरीज भी पड़े थे। वहीं, शवों को अस्पताल के मोर्चरी में ठीक से नहीं रखा गया था और अस्पताल में आवारा जानवर भी घूमते देखे गए। अस्पताल की ये स्थिति देखकर तेजस्वी यादव हैरान रह गए।
तेजस्वी ने सुनी समस्याएं
तेजस्वी के अस्पताल में प्रवेश करते ही भर्ती हुए मरीजों ने दवा, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं सहित सुविधाओं की कमी को लेकर अपनी शिकायतें उनके सामने रखीं। इस पर तेजस्वी ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के बाद तेजस्वी ने ANI से कही ये बात
निरीक्षण के बाद एएनआई से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि हमने पीएमसीएच, गार्डिनर अस्पताल और गरदानीबाग अस्पताल का निरीक्षण किया। दो अस्पतालों में डॉक्टर मौजूद थे। पीएमसीएच में टाटा वार्ड की स्थिति बद से बदतर है। मुझे जानकारी मिली थी कि विभिन्न जिलों के लोग यहां इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में मैं यहां आकर डॉक्टरों और दवाओं से जुड़ी सुविधाओं के बारे में जानना चाहता था।
वहीं, वरिष्ठ डॉक्टरों के रात में अस्पताल में नहीं मौजूद होने की वजह से उन्होंने कहा कि ये लापरवाही की हद है। जो डॉक्टर ड्यूटी के दौरान उपस्थित नहीं थे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मरीजों की शिकायतों पर समस्याओं को निवारण करने का आदेश दे दिया गया है। वहीं, डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर अधीक्षक को रोस्टर आदि नहीं होने पर भी फटकार लगाई गई है। साथ ही अधीक्षक को हर हाल में डॉक्टरों की ड्यूटी रोस्टर के मुताबिक लगाने का निर्देश दिया गया है।
ये भी पढ़ें- बिहार: बदमाशों ने सिवान पुलिसकर्मियों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, सिपाही बाल्मीकि यादव की गई जान












Click it and Unblock the Notifications