तेज प्रताप RJD को देंगे झटका, नए झंडे के साथ अलग पार्टी बनाने की है तैयारी? बोले- किसी के कंट्रोल में नहीं हूं
Tej Pratap Yadav (Bihar Election 2025): राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से निष्कासित होने के कुछ ही दिन बाद पूर्व मंत्री और विधायक तेज प्रताप यादव ने महुआ में एक बड़ा रोड शो कर साफ कर दिया कि वे अब अपनी राजनीतिक राह खुद तय करेंगे। इस दौरान उन्होंने न तो आरजेडी का झंडा इस्तेमाल किया और न ही पार्टी का कोई नाम लिया। इसके बजाय, 'टीम तेज प्रताप यादव' लिखा हुआ हरे और सफेद रंग का झंडा लहराते हुए वे अपने समर्थकों के साथ दिखाई दिए।
तेज प्रताप ने कहा, "मैं किसी के कंट्रोल में नहीं रहूंगा। जनता जैसा कहेगी, वैसा ही करूंगा। किस पार्टी से चुनाव लड़ूंगा, ये बाद में देखा जाएगा।" उन्होंने कहा कि वे जनता की मर्जी से चुनाव लड़ेंगे और क्षेत्र भी वही तय करेंगे जहां से जनता चाहती है।'' तेज प्रताप जिस तरह रैली में 'टीम तेज प्रताप यादव' का नया झंडा लेकर आए हैं...उसके बाद ये कयास लगाए जा रहे हैं कि वह जल्द ही अपनी नई पार्टी की घोषणा कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने नई पार्टी बनाने को लेकर अभी कुछ कहा नहीं है।

तेज प्रताप यादव किस सीट से लड़ेंगे चुनाव?
चुनाव लड़ने के सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा, "मैं किस सीट से चुनाव लड़ूंगा, यह जनता की मांग पर निर्भर करेगा। मैं पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ूंगा या नहीं, यह बाद में तय होगा।"
तेज प्रताप यादव ने 2015 के विधानसभा चुनाव से राजनीतिक सफर शुरू किया था। लेकिन हाल ही में उनके पिता और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। इसकी वजह सोशल मीडिया पर एक महिला के साथ उनकी तस्वीरें और 'रिलेशनशिप' की घोषणा मानी जा रही है, जिसे बाद में उन्होंने 'फेसबुक हैक' का बहाना बताते हुए डिलीट कर दिया था।
तेज प्रताप बोले- मैं जो वादा करता हूं, उसे निभाता हूं
महुआ में मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए तेज प्रताप ने कहा, "हमने चुनाव में मेडिकल कॉलेज का वादा किया था और आज वह तैयार हो रहा है। मैं जो वादा करता हूं, उसे निभाता हूं।"
रोड शो के दौरान तेज प्रताप की लोकप्रियता भी देखने को मिली। भारी संख्या में समर्थक उन्हें सुनने और देखने के लिए उमड़े। इस पूरे घटनाक्रम से अटकलें तेज हैं कि तेज प्रताप आने वाले विधानसभा चुनाव में या तो निर्दलीय उतर सकते हैं या फिर अपनी नई पार्टी बना सकते हैं।
गौरतलब है कि तेज प्रताप पहले ही यह आरोप लगा चुके हैं कि उन्हें अपने भाई तेजस्वी यादव से अलग करने की साजिश की जा रही है। परिवार और राजनीति, दोनों स्तरों पर यह दरार अब खुलकर सामने आ चुकी है।
इससे पहले भी, ऐसी खबरें आई थीं कि तेज प्रताप एक नई राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं, खासकर जब राजद ने उनके लिए अपने दरवाजे बंद कर दिए हैं। मई 2025 में अनुष्का यादव के साथ अपने रिश्ते की सार्वजनिक घोषणा करने के बाद, लालू यादव ने तेज प्रताप को राजद और परिवार से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।
उनके भाई तेजस्वी यादव, जिन्हें अक्सर राजद का चेहरा माना जाता है, ने सार्वजनिक रूप से अपने पिता के फैसले का समर्थन किया था, जिससे राजनीतिक परिदृश्य में संभावित बदलावों की अटकलों को बल मिला था।
तेज प्रताप के महुआ दौरे को 2025 के विधानसभा चुनावों से पहले अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
इस बीच राजद 2025 के चुनावों में नीतीश कुमार के एनडीए से मुकाबला करने की तैयारी कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications