Video: 'चिराग के साथ गाना किया', अब कंगना रनौत के साथ फिल्म में हीरो बनेंगे तेज प्रताप! बताई पूरी स्क्रिप्ट
राजनीति के मंच पर कभी कृष्ण तो कभी शिव के रूप में नजर आने वाले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं- लेकिन इस बार वजह न तो कोई बयान है, न ही कोई विवाद। बल्कि वायरल हो रहे एक इंटरव्यू में उन्होंने पहली बार खुलकर अपने फिल्मी क्रश, एक्टिंग ड्रीम और बीजेपी सांसद कंगना रनौत को लेकर दिल की बात कह दी है।
ABP न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में जब एंकर चित्रा त्रिपाठी ने तेज प्रताप यादव से पूछा कि उनकी फेवरेट एक्ट्रेस कौन है, तो पहले तो उन्होंने मजाक में बात टाल दी- 'अगर हम आपके चैनल पर बोलेंगे तो बवाल हो जाएगा।' लेकिन थोड़ी देर में दिल की बात जुबां पर आ ही गई- 'मेरी फेवरेट हिरोइन कंगना रनौत हैं।'

जब एंकर ने पूछा कि कंगना की कौन-सी फिल्में पसंद हैं, तो तेज प्रताप ने फटाफट जवाब दिया और कहा कि-गैंगस्टर, लम्हें और मणिकर्णिका जैसी फिल्में पसंद है। तेज प्रताप ने कहा कि, 'उनकी एक्टिंग बहुत ही शानदार लगती है।'
फिर बात राजनीति पर आई। चित्रा त्रिपाठी ने कहा कि अब तो कंगना भी सांसद बन गई हैं। इस पर तेज प्रताप बोले- 'हम नेता बने हैं इसलिए वो भी बन गई होंगी।' इतना कहते ही जोर से हंस पड़े। जब एंकर ने दोबारा पूछा कि क्या सच में आपको देखकर बनी हैं? तो तेज प्रताप ने कहा- 'हां, हमको ही देखकर बनी होंगी।'
फिल्मी प्लानिंग पर खुलकर कही दिल की बात
जब पूछा गया कि क्या कभी मुलाकात हुई है? चिराग पासवान के साथ तो उनका एक गाना आया था। इस पर तेज प्रताप बोले, 'मुलाकात तो नहीं हुई, अगली बार मेरी फिल्म आ जाएगी उनके साथ।' फिर चित्रा ने चुटकी लेते हुए पूछा, तो आप एक्टिंग करने चले जाएंगे?' इस पर तेज प्रताप बोले, 'जब हमारी रील्स वायरल हो रही हैं तो एक्टिंग करने में कौन-सी बड़ी बात है? हमारे पिताजी भी दो-तीन फिल्मों में एक्टिंग किए हैं।'
चित्रा ने अगला सवाल दागा, 'अगर कंगना के साथ आप फिल्म करेंगे तो रोल क्या रहेगा? हीरो बनेंगे?' तेज प्रताप ने मुस्कराते हुए कहा, 'हां, हीरो ही रहेंगे।' फिर पूछा गया, 'तो क्या आप उनकी पिक्चर छिप-छिपकर देखते हैं या खुलेआम?' इस पर तेज प्रताप ने कहा, 'खुलेआम। फोन में भी डाउनलोड करके रखते हैं। उनकी फोटो भी फोन में सेव है।'
राजनीति की बात चली तो चित्रा ने याद दिलाया कि कंगना अक्सर इंडिया गठबंधन पर निशाना साधती हैं। इस पर तेज प्रताप हंसते हुए बोले, 'अगर वो निशाना साधेंगी तो हम भी कहेंगे कि कंगना जी, संयमित रहिए, आप हमारी फेवरेट हिरोइन हैं। मेरी फिल्म आ जाएगी आपके साथ, कोई दिक्कत नहीं।'












Click it and Unblock the Notifications