10 साल के लिए जेल जाएंगे तेज प्रताप यादव? NEET विवाद में बुरे फंसे, किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?
Tej Pratap Yadav: बिहार बंद के दौरान पटना में हुई हिंसा के मामले में लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने गांधी मैदान थाना कांड संख्या 400/26 में तेज प्रताप समेत कई लोगों को नामजद किया है। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें सबसे गंभीर धारा 109 है, जो हत्या की कोशिश से जुड़ी है।
पुलिस का आरोप है कि बंद के दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया और पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। तेज प्रताप को शनिवार शाम पटना के एक शॉपिंग मॉल से गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जिसके बाद उन्हें बेऊर सेंट्रल जेल में रखा गया है।

धारा 109 में क्या है सजा?
FIR में BNS की धारा 109 के तहत हत्या की कोशिश का आरोप लगाया गया है। कानून के अनुसार, आरोप साबित होने पर 10 साल तक की जेल और जुर्माना हो सकता है। अगर मामले में गंभीर चोट पहुंचने की बात साबित होती है, तो सजा उम्रकैद तक बढ़ सकती है।
ये भी पढ़ें: Tej Pratap Yadav: तेज प्रताप यादव को क्यों हुई 14 दिन की जेल? गिरफ्तारी के बाद दिया बड़ा बयान!
इन धाराओं में भी दर्ज हुआ केस
तेज प्रताप पर BNS की धारा 132 के तहत लोक सेवक पर हमला, धारा 293 के तहत सार्वजनिक जगह पर अश्लील कृत्य या शब्द, धारा 49 के तहत उकसावे और धारा 299 के तहत धार्मिक भावनाएं आहत करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। इसके अलावा धारा 61(2) आपराधिक साजिश, धारा 251 दंगा, धारा 297 लोक सेवक को चोट पहुंचाना, धारा 223 वैध आदेश की अवहेलना, धारा 197(2) गैरकानूनी जमावड़ा, धारा 191(3) हथियार के साथ दंगा, धारा 190 गैरकानूनी जमावड़े का साझा उद्देश्य और धारा 196 विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से जुड़ी है।
FIR में Prevention of Damage to Public Property Act, 1984 की धारा 3 और 4 भी लगाई गई हैं। ये धाराएं सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामलों में इस्तेमाल होती हैं।
NEET विवाद के विरोध में बुलाया गया था बंद
बिहार बंद का आह्वान NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पटना के गांधी मैदान इलाके में जुटे थे। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ गई और पथराव हुआ। इस घटना में गांधी मैदान थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा, TOP प्रभारी प्रमोद कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
ये भी पढ़ें: आधी रात तेज प्रताप को भेजा गया जेल, वकील ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, बोले-FIR की कॉपी तक नहीं मिली


Click it and Unblock the Notifications
