Bihar News: 1 महीने में ही ऊब गए यूपी से आकर बिहार में बने शिक्षक, इस वजह से दिया इस्तीफ़ा
Bihar News: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए बीपीएससी (बिहार लोक सेवा आयोग) की तरफ़ से शिक्षक भर्ती परीक्षा कराई गई। पहले चरण में कामयाब हुए अभ्यर्थियों में से क़रीब 14 हज़ार नवनियुक्त शिक्षक दूसरे प्रदेशों से हैं। बिहार की महागठबंधन सरकार ने प्रदेश में दूसरे राज्यों के लोगों को रोज़गार देकर सियासी माइलेज लेने की कोशिश की और ज़ोरों से प्रचार प्रसार किया।
एक तरफ़ बिहार सरकार रोज़गार देकर अपनी पीठ थपथपा रही है, वहीं दूसरी तरफ़ बिहार के शिक्षा विभाग के क़ायदे कानून से परेशान होकर दूसरे प्रदेशों के नवनियुक्त शिक्षकों के लौटने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। सीएम नीतीश कुमार द्वारा नियुक्ति पत्र बांटने के 40 दिनों के अंदर ही शिक्षकों इस्तीफ़ा का सिलसिला शुरू हो गया है।

उत्तर प्रदेश के ओरैया ज़िले के निवासी अमन कुमार गुप्ता को 2 नवंबर को नियुक्ति पत्र मिला था। इसके बाद उन्हेंन दरभंगा ज़िले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हनुमाननगर में ज्वाइनिंग मिली थी। बिहार के स्कूलों के कायदे कानून से वह इतना ऊब गए कि अपना इस्तीफ़ा प्रिंसिपल को सौंप दिया।
अमन ने इस्तीफ़ा देने के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि बिहार सरकार ने स्कूलों में मिलने वाली छुट्टियों में कटौती कर दी है। दरभंगा से अपने घर जाने में 24 घंटे से ज्यादा वक्त लगता है। स्कूल की छुट्टी के हिसाब से तो घर में परिवार के साथ त्योहार मनाने का सही से वक्त भी नहीं मिल पाएगा।
साल में 1 बार गर्मी की छुट्टी में परिवार के साथ गुज़ारने के लिए थोड़ा वक्त भी मिल जाता था, लेकिन इस छुट्टी में भी कटौती कर ली गई है। इससे परिवार के साथ वक्त गुज़ारने का मौक़ा भी नहीं मिलेगा। इसके अलावा 9 से 5 बजे तक स्कूल में वक़्त देने के बाद चुनाव से जुड़े काम करने के निर्देश मिलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications