Video Call पर ऑपरेशन ने ली प्रसूता की जान, जुड़वां बच्चे के जन्म के बाद 22 वर्षीय महिला की मौत
Surgery On Video Call: पूर्णिया से एक हैरतअंगेज़ मामला सामने आया है, जहां गलत तरीक़े से ऑपरेशन करने की वजह से एक महिला की जान चली गई।
Purnia Hospital News: बिहार के पूर्णिया ज़िले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां गलत तरीके से ऑपरेशन करने की वजह से एक प्रसूता की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने बताया कि अस्पताल की संचालिका डॉ.सीमा कुमारी की लापरवाही से 22 वर्षीय महिला की मौत हुई है। उनका आरोप है कि पटना में रहकर डॉ. सीमा कुमारी वीडियो कॉल के ज़रिए भाड़े की नर्स से ऑपरेशन करवाई।
Recommended Video
परिजनों ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान नर्स ने ग़लत नस काट दिया, जुड़वां बच्चे के जन्म के बाद प्रसूता की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। वहीं माहौल बिगड़ता देख अस्पताल कर्मी मौक़े से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे मामले पर काबू पाया।
जाप सुप्रीमो पप्पू यादव भी मौके पर पहुंचे, मृतका के परिजनों से मुलाकात की। वहीं जिला प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग भी की। मृतका के परिजनों की मानें तो उन्होंने प्रसव पीड़ा होने पर समर्पण मेटरनिटी अस्पताल में दाखिल करवाया था। पासवान टोला निवासी पूनम देवी खुद को आशा कार्यकर्ता बताते हुए उसे इस अस्पताल लेकर आई थी।
डिलिवरी की तारीख एक सप्ताह बाद थी, सोमवार को करीब तीन बजे प्रसव रूम में प्रसूता को ले जाया गया था। रात के करीब 10 बजे प्रसव कक्ष से निकले स्टाफ ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान नस कट गया है। जब परिवार के लोग कमरे में गए तो महिला को मृत पाया। हालांकि नवजात स्वस्थ्य हैं।
परिजनो का आरोप है कि वीडियो कॉल के जरिए पटना में बैठी डॉ. सीमा कुमारी (अस्पताल संचालिका) ने प्रसूता का ऑपरेशन भाड़े पर बुलाए नर्स और कंपाउंडर से करवाया था। आईसीयू में एडमिट नवजात की देख रेख करे कर्मी को छोड़कर बाकी सब स्टाफ अस्पताल से फरार हो गए।
राम सेवक राम (एएसआई, खजांची थाना) ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि निजी अस्पताल में प्रसव पीड़ा होने पर प्रसूता को एडमिट कराया गया था। इलाज के क्रम में मौत हो गई। आशा कार्यकर्ता पूनम देवी ने बताया कि उन्हें लगा कि महिला की डिलिवरी सरकारी अस्पताल में नहीं हो पाएगी। इसलिए निजी अस्पताल लेकर आई थी।












Click it and Unblock the Notifications