Patna: BPSC ऑफिस के सामने छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, जानिए क्या है मामला?
Bihar News: 70वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के सामान्यीकरण के खिलाफ सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी शुक्रवार को पटना की सड़कों पर उतर आए। इस दौरान अभ्यर्थियों ने बिहार लोक सेवा आयोग कार्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने बीपीएसली ऑफिस के बाहर नारेबाजी की और बेली रोड जाम कर दिया है।
इस बीच, प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और खदेड़ने के लिए पुलिस ने अभ्यर्थियों पर जमकर लाठी भांजी। पुलिस की लाठीचार्ज के बावजूद भी अभ्यर्थी सड़क पर डटे हुए हैं। अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज का वीडियो भी सामने है, जो न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने जारी किया है। साथ ही, बताया कि अभ्यर्थी परीक्षा के सामान्यीकरण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

बीपीएससी अभ्यर्थी की मांग है कि एक शिफ्ट और एक पाली में परीक्षा ली जाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि हम लोग यहां आंदोलन करने नहीं आए हैं। हमारी आयोग से हाथ जोड़कर निवेदन है कि एक ही सेट में एग्जाम में हो। डबल-ट्रिपल सेट में एग्जाम की बात तो होनी ही नहीं चाहिए।
इतना ही नहीं, अभ्यर्थियों का ऐसा कहना है कि अगर एक दिन में एग्जाम हो रहा है तो एग्जाम पेपर भी एक ही सेट में हो। अलग-अलग एग्जाम पेपर के सेट से धांधली कम नहीं होने वाली है, जैसा कि आयोग दावा कर रहा है। अगर कोई दलाल एक सेट लीक कर सकता है तो वह तीनों एग्जाम पेपर के सेट भी लीक कर सकता है।
पुलिस ने भांजी लाठियां
बीएससी ऑफिस के बाहर प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को समझाने की कोशिश की। लेकिन, प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी समझने के लिए तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
नहीं मानी गई मांगें तो तेज होगा प्रदर्शन
इस दौरान प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी जातीं है तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे। बता दें कि इस मामले पर राजनीति भी शुरू हो गई और हाल ही में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा के लेकर एनडीए सरकर पर निशाना साधा था।
क्या कहा डीएसपी साकेत कुमार ने
डीएसपी साकेत कुमार ने कहा, "किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी...वे (प्रदर्शनकारी) सड़क अवरुद्ध करने की कोशिश कर रहे थे...प्रदर्शनकारियों पर हल्का लाठीचार्ज किया गया...हमने किसी को हिरासत में नहीं लिया है..."
क्या है नॉर्मलाइजेशन सिस्टम?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नॉर्मलाइजेशन एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसके जरिए किसी परीक्षा में मिले अंकों को सामान्य किया जाता है। यह प्रक्रिया उस वक्त अपनाई जाती है, जब एक से ज्यादा पालियों में परीक्षा आयोजित की जाती है। इतना ही नहीं, इस सिस्टम के जरिए एग्जाम में मिले नंबरों के आधार पर कैंडिडेट्स का प्रतिशत स्कोर निकाला जाता है।












Click it and Unblock the Notifications