बिहार में Student Credit Card योजना को मिला नया बूस्ट, सरकार ने जारी की 300 करोड़ की तीसरी किस्त
Student Credit Card Bihar News: बिहार के लाखों युवाओं के लिए एक राहत भरी खबर आई है। राज्य सरकार ने शिक्षा ऋण योजना को और सशक्त बनाने के लिए बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 300 करोड़ रुपये की तीसरी किस्त की स्वीकृति दे दी है। यह राशि बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम लिमिटेड, पटना को दी गई है ताकि छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए ऋण की सुविधा समय पर और सुगमता से मिल सके।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अब तक इस योजना के तहत कुल 900 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि यह राशि निगम को शिक्षा ऋण के साथ-साथ जरूरी प्रारंभिक खर्चों को पूरा करने के उद्देश्य से दी गई है।

क्या है इस योजना की खासियत?
छात्रों को अधिकतम 4 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण मिलेगा।
सामान्य छात्रों के लिए ब्याज दर केवल 4% तय की गई है।
महिला, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर छात्रों के लिए ब्याज दर 1% ही है।
ऋण वापसी की प्रक्रिया कोर्स खत्म होने के एक वर्ष बाद या नौकरी मिलने के छह माह बाद से शुरू होती है।
2 लाख रुपये तक का ऋण 60 किस्तों में और 2 लाख से ऊपर का ऋण 84 किस्तों में चुकाया जा सकता है।
समय से पहले भुगतान करने पर 0.25% अतिरिक्त छूट भी दी जाएगी।
सरकार का दावा: रोजगार और शिक्षा दोनों पर फोकस
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की एनडीए सरकार लगातार युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 39 लाख से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा सहारा बन रही है। सरकार द्वारा इस योजना में वित्तीय मजबूती लाना इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में और अधिक छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता मिल सकेगी।












Click it and Unblock the Notifications