खेल, खिलाड़ी और भविष्य! क्यों प्रतिभा को नहीं मिल रही पहचान, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी ने बताई वजह
International Player Taekwondo, Kaiser Rehan: बिहार के युवा खेल जगत में भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद उन्हें केंद्र और राज्य सरकार से शिकायत है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश के नाम गोल्ड मेडल ला चुके ताइक्वांडो खिलाड़ी कैसर रेहान ने, खिलाड़ियों को हो रही परेशानी पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्हों बताया कि परेशानी कहां हैं और क्यों प्रदेश ज़्यादातर युवाओं के प्रतिभा को पहचान नहीं मिल रही है।
अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्लेयर कैसर रेहान ने वन इंडिया हिंदी से ख़ास बातचीत में खेल, खिलाड़ी और उनके भविष्य पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्य की बात है कि बिहार से एशियन गेम्स में सिर्फ़ दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जबकि पड़ोसी राज्य झारखंड से 10 खिलाड़ी चुने गए हैं।

बिहार के मुकाबले झारखंड बहुत छोटा प्रदेश है, इसके बावजूद वहां से एक से बढ़ कर एक खिलाड़ी आये दिन नाम कमा रहे हैं। बिहार में गिने चुने खिलाड़ी को ही पहचान मिल रही है। इसी सबसे बड़ी वजह है कि प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के प्रति राज्य सरकार चिंतित नहीं है।
Recommended Video
खिलाड़ियों को वह माहौल नहीं मिल रहा है, जिसमें वह ख़ुद की प्रतिभा को निखार सकें। कैसर रेहान ने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि जब उन्होंने ताइक्वांडो की शुरुआत की थी तो लोग मज़ाक बनाते थे। बोलते थे बिहार में कौन ताइक्वांडो खेलता है, यह सब सिर्फ शौक है, इसमें कोई भविष्य नहीं है।
समाज के लोगों के ताने सुनने के बाद भी कैसर रेहान अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटे। वह बिहार से निकलकर देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे, वहां तैयारी की और आज की तारीख़ में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाते हुए देश के नाम कई स्वर्ण पदक ला चुके हैं।
कैसर रेहान ने कहा कि अन्य प्रदेशों में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर मेडल पाने पर सरकारी नौकरी मिलती है। बिहार के खिलाड़ी मेडल लेकर आते भी हैं तो सरकारी नौकरी तो दूर, प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार सम्मान समारोह भी नहीं करती है।
प्रदेश सरकार को चाहिए कि प्रतिभावान खिलाड़ियों की हौसला अफ़ज़ाई करे, उन्हों जिस संसाधन की ज़रूरत है, वह दिया जाए। लालू और नीतीश राज में सिर्फ आश्वासन मिला लेकिन खिलाड़ियों के उत्थान के लिए कोई क़दम नहीं उठाया गया। वहीं उन्होंने बेगूसराय से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह पर भी जमकर निशाना साधा।
कैसर रेहान ने कहा कि बेगूसराय से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह जो कि केंद्रीय मंत्री भी हैं, वह चाहते तो बेगूसराय के खिलाड़ियों को एक प्लैटफॉर्म दे सकते थे। लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें सिर्फ़ समुदाय विशेष पर टिप्पणी करनी है। समाज में नफ़रत फैलानी है, बेगूसराय में एक से बढ़कर एक प्रतिभा है लेकिन गिरिराज सिंह उसे निखारना नहीं चाहते हैं।
केंद्र और राज्य सरकार चाह ले तो खेल जगत में बिहार से ऐसे-ऐसे सूरमा निकलेंगे, जो कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में देश और प्रदेश का आये दिन नाम रोशन करेंगे, जहां खेल, खिलाड़ी और उनके भविष्य पर बात होनी चाहिए, वहां खेल, खिलाड़ी और नेताओं की बात होती है।












Click it and Unblock the Notifications