कर्ज के बदले भरी मांग: 40 के शख्स ने 11 साल की लड़की से जबरन की शादी, कहा- इसकी मां के पास मेरे 2 लाख रुपये
Bihar Crime News: बिहार से एक शर्मनाक घटना सामने आ रही है। जहां एक 40 साल का शख्स कानून को ठेंगा दिखाकर 11 साल की लड़की को बहला फुसलाकर शादी कर ली।

बिहार से एक हैरान करने वाला मामला सामने आ रहा है जहां एक 40 साल के शख्स ने 11 साल की लड़की से जबरन शादी रचा ली। शादी रचाने की वजह जब सामने आई तो सभी लोग हैरान रह गए। लड़की देखने से साफ मासूम लग रही है। वह कैमरे पर रो रोकर सारी बातें बता रही है। लेकिन जिस 40 साल के शख्स ने उससे शादी की उसे इस बात का थोड़ा भी डर नहीं है कि कानून का शिकंजा किस तरह के उसके ऊपर कस जाएगा। बाल विवाह के जु्र्म में किस तरह से उसे सजा का सामना करना पड़ सकता है। इस शख्स का नाम महेंद्र पांडे है।
जानें क्या है पूरा मामला
दरअसल, यह घटना सीवान जिले के मैरवा क्षेत्र की है जहां एक 40 साल के शख्स महेंद्र पांडे ने 11 साल की नाबालिग लड़की से केवल इसलिए शादी रचा ली कि उसकी मां ने उसके कर्ज के 2 लाख रुपये नहीं लौटाए। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लड़की, लड़की की मां और उसका कथित पति दिख रहा है। वीडियो में मां रोते हुए आरोप लगा रही है कि उसकी बेटी से जबरदस्ती शादी कर ली है। वहीं लड़की को कुछ समझ में नहीं आ रहा है वह क्या बोले। कभी कहती है कि आरोपी ने पैसे लिए तो कभी कहती है नहीं लिए।
लड़की के क्या आरोप हैं?
लड़की ने आरोप लगाए हैं कि उसकी मां ही उस 40 साल के शख्स महेंद्र पांडे के पास छोड़कर गई है। इधर लड़की की मां ने कहा कि यह शख्स हमारे रिश्ते में लगता है। इसलिए इसके यहां अपनी बच्ची को पढ़ाई के लिए छोड़कर गए थे। लेकिन इसने जबरन शादी रचा ली। पैसे लेने की बात झूठी है। इसने मेरी बच्ची की जिंदगी बर्बाद कर दी है।
आरोपी शख्स ने क्या कहा?
आरोपी शख्स ने कहा कि इसकी मां मुझसे 2 लाख रुपये अब तक ले चुकी है। जब भी मांगने जाता हूं तो नहीं लौटाती है। इसके बाद इसकी मां खुद मेरे यहां इस लड़की को छोड़कर गई है। यह मेरा कर्ज लेकर बार-बार देने से इनकार कर रही है। कभी आरोपी बोल रहा है कि उसने नाबालिग से शादी करके गलती कर दी है उसे जो सजा मिलेगी उसे भुगतने के लिए तैयार है। कभी कहता है कि इसे बेटी की तरह पाल रहा हूं। जहां जाना चाहती है जा सकती है और रह सकती है।
पहले से शादी कर रखी है शख्स ने
महेंद्र पांडे नाम के आरोपी ने पहले से शादी कर रखी है। इसके दो बच्चे भी हैं। वहीं उसकी पत्नी भी कुछ भी साफ-साफ बोलने से इंकार कर रही है। कभी वह कहती है कि लड़की और उसके पति ने रजामंदी से शादी की है तो कभी मुकर भी जाती है।
पुलिस ने साधी चुप्पी
यह खबर जंगल में आग की तरह फैल रही है, लेकिन पुलिस इस मामले में भी लड़की पक्ष की ओर से आवेदन का इंतजार कर रही है। कोई आवेदन नहीं मिलने के कारण कुछ सूचनाएं अधिकारिक तौर पर भी नहीं मिल पा रही हैं। इसकी जानकारी के लिए जब मैरवा थाने में फोन किया गया तो सरकारी नंबर स्विच ऑफ मिला। एसपी शैलेश कुमार सिन्हा से बात करने की कोशिश की गई तो दूसरी तरफ से फोन कट गया।












Click it and Unblock the Notifications