रोहतासः हर्ष फायरिंग के दौरान वीडियोग्राफी कर रहे कैमरामैन को लगी गोली, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम
रोहतास। बिहार के रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के कदवा गांव में हर्ष फायरिंग के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक की मौत हो गई। मृतक कैमरामैन संझौली से कदवा एक तिलक कार्यक्रम में वीडियोग्राफी कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। उसी हर्ष फायरिंग में रवि कुमार की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। पहले कैमरामैन रवि को आनन-फानन में अस्पताल ले जाने लगे लेकिन अस्पताल पहुंचने से पूर्व मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

मृतक कैमरामैन रवि कुमार मसौना गांव का रहने वाला था। घटना को लेकर बताया गया कि कदवा गांव में एक तिलक कार्यक्रम का आयोजन था। संझौली से आए लोगों का स्वागत हो रहा था और इसी कार्यक्रम में रवि वीडियोग्राफी कर रहा था। इसी दौरान किसी ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच निशाना चूकने से रवि को गोली लग गई और उसकी मौत हो गई।
मृतक रवि मसौना गांव के गुलाब सिंह का पुत्र है। गांव के लोगों ने बताया कि रवि पहले दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता था। एक साल पूर्व गांव लौटा और वीडियोग्राफी शुरू कर दी। सासाराम के डीएसपी विनोद कुमार रावत ने फोन पर बताया कि घटना देर रात की है। इस मामले में आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि एक तिलक समारोह में वीडियोग्राफी के लिए रवि कुमार गया हुआ था। उसी दौरान गोली लगने से उसकी मौत हुई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। बता दें कि घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। मृतक का शव शनिवार की सुबह उसके गांव पर ले गया जाया गया।












Click it and Unblock the Notifications