बुलेट की तरह आया ड्रोन, तेजस्वी यादव बाल-बाल बचे! देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO
बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में रविवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब राजद नेता तेजस्वी यादव की रैली के दौरान एक ड्रोन मंच तक पहुंच गया और पोडियम से टकरा गया। राजद नेता उस वक्त भाषण दे रहे थे और हादसे से चंद सेकेंड पहले झुककर खुद को बचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तेजस्वी यादव विपक्ष के नेता के तौर पर एक बड़ी रैली को संबोधित कर रहे थे। जैसे ही वे कह रहे थे - 'सभी अलग-अलग राजनीतिक पार्टी के नेता, सभी सोशल एक्टिविस्ट...ठीक उसी वक्त एक ड्रोन हवा में लहराता हुआ सीधा मंच की ओर बढ़ आया और फूलों से सजे पोडियम से जा टकराया।

तेजस्वी ने तेजी से रिएक्ट करते हुए झुककर खुद को सुरक्षित किया और कुछ पल रुकने के बाद अपना भाषण दोबारा शुरू किया। मंच पर मौजूद नेताओं और सुरक्षाकर्मियों के चेहरों पर भी कुछ देर के लिए तनाव साफ दिखा।
ड्रोन किसका था और कहां से आया?
पुलिस के मुताबिक, यह ड्रोन रैली की वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए तैनात किया गया था लेकिन तकनीकी कारणों से वह अपने ट्रैक से भटक गया। सुरक्षा टीम ने तुरंत ड्रोन को जब्त कर लिया और मामले की जांच की जा रही है कि कहीं इसमें किसी तरह की लापरवाही या साजिश तो नहीं थी।
चुनावी माहौल में बढ़ी चिंता
बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में किसी राजनीतिक नेता की रैली में इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस पर चिंता जताई है और सवाल पूछा है कि क्या यह सिर्फ तकनीकी चूक थी या कोई बड़ी लापरवाही?
वीडियो वायरल, तेजस्वी की फुर्ती पर तारीफ
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें तेजस्वी यादव का तुरंत झुकना और खुद को बचाना साफ देखा जा सकता है। कई लोगों ने उनकी फुर्ती की तारीफ की है, वहीं कुछ ने कहा कि मंच पर नेताओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं।












Click it and Unblock the Notifications