CM नीतीश कुमार से राजनीतिक नजदीकियों के सवाल पर तेजस्वी यादव ने मुस्कुरा कर कही ये बात
पटना। जातिगत जनगणना को लेकर सोमवार को बिहार के सीएम नीतीश कुमार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित 11 नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से बातचीत की, जहां पत्रकारों ने नीतीश कुमार के साथ नजदीकियां बढ़ने पर भी सवाल किया, जिसपर तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया। तेजस्वी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय हित के मसलों के लिए, विकास के लिए और लोगों की तरक्की के लिए कोई काम होगा तो विपक्ष सरकार के साथ ही रहेगा।

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि कोरोना काल में भी बिहार में हमने सरकार के साथ मिलकर काम किया है। तेजस्वी यादव ने इस दौरान नीतीश कुमार का शुक्रिया भी अदा किया और कहा कि हमारे प्रस्ताव पर सीएम नीतीश कुमार ने पीएम मोदी से मिलने का समय मांगा। इसके लिए हम मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों के अभारी हैं। वहीं पीएम मोदी से मुलाकात पर तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने पीएम से सिर्फ बिहार में जातिगत जनगणना की मांग की बात नहीं की बल्कि पूरे देश की बात की। हम अब पीएम के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
बता दें कि पीएम मोदी से सर्वदलीय बैठक का प्रस्ताव तेजस्वी यादव ने दिया था। तेजस्वी यादव ने भी पीएम मोदी को इस बाबत पत्र लिखा था। जिसके बाद नीतीश कुमार ने पीएम मोदी से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए समय मांगा था। नीतीश कुमार ने यह भी कहा है कि अगर केंद्र सरकार जाति आधारित जनगणना के लिए तैयार नहीं होता है तो हम प्रदेश में जाति आधिारित जनगणना कराएंगे। सपा नेता अखिलेश यादव ने भी जाति के आधार पर जनगणना कराए जाने की मांग की थी। इसके अलावा कई नेता यह मांग उठा चुके हैं, जिसमे बसपा के भी कुछ नेता शामिल हैं। बता दें कि 1990 में वीपी सिंह की सरकार ने ओबीसी को आरक्षण देने का कानून मंडल कमीशन की सिफारिश के बाद बनाया था।












Click it and Unblock the Notifications