सावधान! पटना के इस रेलवे काउंटर से बेचे जा रहे हैं जाली टिकट, क्लर्क गिरफ्तार
नई दिल्ली। बिहार की राजधानी पटना के राजेन्द्रनगर टर्मिनल से जाली टिकट बेचे जाने का मामला सामने आया है। मामले में कार्रवाई करते हुए बोर्ड की स्पेशल टीम ने बुकिंग काउंटर पर छापेमारी कर आरोपी क्लर्क को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उधर, आरोपी क्लर्क की गिरफ्तारी के बाद उसके बाकी साथियों ने उसे गलत आरोप में फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए काम का बहिष्कार कर दिया जिससे घंटों तक यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा।

छापेमारी में नहीं मिला जाली टिकट
मिली जानकारी के मुताबिक दो यात्रियों ने राजेन्द्रनगर टर्मिनल के काउंटर से जाली टिकट पाए जाने की शिकायत बोर्ड के पास दर्ज कराई थी। हालांकि बोर्ड की टीम जब छापेमारी करने पहुंची तो उसे वहां किसी तरह का जाली नोट नहीं मिला लेकिन काउंटर से निर्धारित राशि से 700 रुपये अधिक मिले। जिसके बाद स्थानीय थाने में क्लर्क, रुपेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा उसे गिरफ्तार कराया गया।

विरोध में हड़ताल पर गए रेलकर्मी
साथी क्लर्क की गिरफ्तारी के विरोध में सैंकड़ों की संख्या में रेल कर्मियों ने दोपहर 3 बजे से काम का बहिष्कार करते हुए हड़ताल का ऐलान किया। रेल कर्मियों ने राजनेंद्र नगर टर्मिनल के सभी बुकिंग काउंटर को बंद करा दिया जिससे घंटों यात्रियों को मुसीबत का सामना करना पड़ा। हालांकि शाम 5 बजे सभी रेलकर्मी हड़ताल वापस लेते ड्यूटी पर वापस आ गए जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।

13 हजार रेल कर्मियों की जाएगी नौकरी
इससे पहले शनिवार को रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रेलवे के 13000 कर्मचारियों को बाहर निकालने का आदेश दे दिया है। ये वो कर्मचारी हैं जो लंबे वक्त से बिना बताए छुट्टी पर चल रहे हैं। रेलवे ने ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और उन्हें बाहर का रास्ता दिखाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications