क्या राबड़ी देवी के सरकारी आवास में है खूफिया खजाना? बिहार सरकार करवाएगी खुदाई
Treasure in Rabri Devi's residence: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से पटना का 10 सर्कुलर रोड स्थित आलीशान सरकारी बंगला सरकार खाली करवा रही है। बतौर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को ये आवास वर्षों पहले आवंटित किया गया था, जिसमें लालू यादव समेत पूरा परिवार रह रहा है। अब नीतीश सरकार ने उन्हें इसके बदले 39 हार्डिंग रोड पर एक अलग आवास आवंटित किया गया है, जहां राबड़ी-लालू परिवार शिफ्ट हो रहा है।
इस सबके बीच 10 सर्कुलर रोड वाले सरकारी आवास में राबड़ी देवी का खुफिया खजाना होने का दावा किया जा रहा है और सरकार से इसकी खुदवाई करवाने की मांग की गई है। इस दावे के बाद एक बार फिर राबड़ी देवी और उनके पूरी परिवार की मुश्किल और बढ़ सकती है।

JDU का दावा- सरकारी आवास के तहखानें में है खजाना
दरअसल, सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने दावा किया है कि राबड़ी देवी का इस सरकारी आवास में तहखानों में खजाना है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की है कि जब यह आवास पूरी तरह खाली हो जाए, तो उसके कुछ हिस्सों की खुदाई कराई जाए।
जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने आशंका जताई है कि शायद इन्हीं सामानों को निकालने के कारण राबड़ी देवी को आवास खाली करने में अधिक समय लग रहा है उन्होंने दावा किया कि रात के अंधेरे में सामान सरकारी आवास और निजी आवासों में भेजे जा रहे हैं।
खजाने में जमीन के कागजात, सोना-चांदी या अन्य कीमती सामान
नीरज ने सवाल किया कि कहीं ये वो संपत्ति तो नहीं, जो लालू परिवार ने कथित घोटालों से अर्जित की थी। नीरज कुमार के अनुसार, इसमें जमीन के कागजात, सोना-चांदी या अन्य कीमती सामान हो सकते हैं, जिन्हें किसी तहखाने में छिपाकर अब निकाला जा रहा है। स्थिति को देखते हुए, उन्होंने सरकार से मांग की है कि आवास खाली होने के बाद उसकी कुछ हिस्सों की खुदाई कराई जाए, जिससे सच्चाई सबके सामने आ सके।
राबड़ी देवी के घर का सामना रात के अंधेरे में शिफ्ट हो रहा
नीरज कुमार ने लालू परिवार पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि वे दिन के उजाले में कोई काम नहीं कर सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार को अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों का डर है, जिसकी वजह से वे रात के अंधेरे में सामान हटा रहे हैं। अपनी बात को और धार देते हुए उन्होंने चुटकी ली, "कहीं ऐसा तो नहीं कि कोई खजाना अंदर छिपाया गया था, जिसे चुपचाप रात में निकालकर ले जाना पड़ा।"
नीरज कुमार ने कहा 10 नंबर आवास खाली करने में राबड़ी देवी को इसलिए दिक्कत हो रही है क्योंकि पटना नगर निगम ने परिसर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। ये कैमरे निकाले जा रहे सामान की मात्रा रिकॉर्ड कर रहे हैं, जिससे उनकी गतिविधियों पर नज़र रखी जा रही है।
"क्या लालू परिवार को सरकारी आवास में ही आती है नींद?"
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा, ''लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के पास राजधानी में कई आलीशान मकान हैं। महुआबाग में उनका महल तैयार हो चुका है। क्या उन्हें सरकारी आवास में ही नींद आती है? जबकि 10 नंबर आवास लालू परिवार के लिए अशुभ साबित हो रहा है।'
RJD ने आरोपों को सिरे से किया खारिज
जेडीयू प्रवक्ता के इस दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के उस आरोप को गलत बताया कि सरकार पूर्व मुख्यमंत्री से जबरन आवास खाली करा रही है। उन्होंने इस दावे को सिरे से खारिज किया।












Click it and Unblock the Notifications