Purnia News: लोकसभा चुनाव के बाद क्या बड़ा खेला करेंगे पप्पू यादव, लालू और तेजस्वी की खोल दी पोल
Pappu Yadav News: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को मतदान होने हैं। देशभर की हॉट लोकसभा सीटों में बिहार की पूर्णिया सीट भी शुमार की जा रही है। चुनाव को लेकर पूर्णिया का माहौल जानने वन इंडिया हिंदी की टीम ग्राउंड पर पहुंची।
वन इंडिया हिंदी ने मतदाताओं और प्रत्याशियों से विभिन्न मुद्दे पर बात की। इसी क्रम में पूर्णिया से निर्दलीय प्रत्याशी पप्पू यादव ने खास बातचीत की। पप्पू यादव से सवाल किया गया कि आप तो लालू यादव और तेजस्वी यादव को परिवार मानते थे, फिर आपको लेकर राजद में इतनी खटास क्यों?

इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पूर्णिया की जनता इसका जवाब देने जा रही है। हमारा लक्ष्य है बिहार की साढ़े 13 करोड़ जनता की सेवा और मदद करना। मेरी कोशिश रहेगी कि यहां की ज़मीन से जातीय सियासत, धर्म की राजनीति, माफियाई सियासत और उन्माद ख़त्म कर एक सशक्त समाज का निर्माण करूं।
पप्पू यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव और राजद क्या आरोप लगा रही है, जनता समझ चुकी है कि वह अपनी ग़लती को छुपाने के लिए तेजस्वी यादव बेतुकी बयानबाज़ी कर रहे हैं। मेरा इतिहास सेवक के रूप में रहा है, मेरी कांग्रेस के साथ आइडियोलॉजी है। जब उन्होंने (लालू यादव) ने कहा कि राजद में विलय कर लो तब मैं भाजपा का बी-टीम नहीं था।
तेजस्वी यादव जिन लोगों के साथ हेलिकॉप्टर में सफर कर रहे हैं, वह किसकी टीम थी और अभी किसकी टीम हैं मुकेश सहनी। यह राजनीतिक अपरिपक्वता है। कौन बी टीम है या अलग टीम है यह जनता तय करेगी। लालू यादव ने कई बार मुझे और मेरे परिवार को दबाने की कोशिश की लेकिन फिर भी मैंने उन्हें अभिभावक का दर्जा दिया और आज भी देता हूं।
पूर्णिया में चुनावी मुकाबले पर पप्पू यादव ने कहा कि जनता का प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, इसके अलावा और क्या चाहिए। रावण ने भी शिव की पूजा की थी, आशीर्वाद लेने दुर्योधन भी गए थे। आशीर्वाद तो अर्जुन को मिला था। मैं अभिन्यू नहीं हूं ना ही कोई कर्ण हूं। मैं अर्जुन हूं और जनता कृष्ण है।यह पप्पू की लड़ाई नहीं, पूर्णिया के सेंटिमेंट्स और इमोशन की लड़ाई है। पूर्णिया की जनता के आशीर्वाद से एक नया इतिहास रचने जा रहा हूं।












Click it and Unblock the Notifications