Bihar News: मैथिली फिल्म समानांतर को राष्ट्रीय पुरस्कार, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावना को लगे पंख
Samanantar Movie Director Neeraj Mishra News: बिहार के युवा फिल्मी दुनिया में भी अपनी हुनर का परचम लहराते हुए, जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इन्हीं में से एक नाम है नीरज कुमार मिश्रा का, जिनके द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म सामानांतर (मैथिली मूवी) को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुरमू ने उन्हें सम्मानित किया है।
सहरसा जिला के गौतमनगर मोहल्ला के रहने वाले नीरज कुमार मिश्रा की कामयाबी से बिहार के कलाकारों में खुशी की लहर है। घर में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीणों ने ख़ुशी का इज़हार करते हुए कहा कि नीरज ने इलाके सहित प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह हम लोगों के लिए गर्व की बात है।

आपको बता दें कि कोरोना काल (साल 2021) में यह फ़िल्म बनाई गई थी। इसी ज़िला के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी शूटिंग हुई थी। गंगजला चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, पंचवटी, हवाई अडडा, बलुआहा पुल, और कलेक्ट्रेट रोड में हुई थी। इसके सुपौल और अररिया जिले के नेपाल बॉर्ड इलाके के पास भी शूटिंग हुई थी।
सामानांतर फ़िल्म में किरदार निभाने वाले ज्यादातर कलाकार बिहार के सहरसा ज़िले से ही हैं। लेखक और निर्देशक नीरज कुमार मिश्रा पैतृक गांव वैसे तो सुपौल जिले के कर्णपुर है, लेकिन नीरज कुमार ने अपनी ज़िंदगी का ज्यादा लम्हा सहरसा में ही गुज़ारा है।
कोरोना काल में सहरसा प्रवास के दौरान ही नीरज ने अपनी चार कहानियों को मिलाकर फिल्म के तौर पर पर्दे पर पेश किया। ग़ौरतलब है कि राष्ट्रीय पुरस्कार पाने वाली यह दूसरी फिल्म है, इससे पहले साल 2016 में मिथिला मखाना को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था।
नीरज कुमार मिश्रा के तालीम की बात करें तो उन्होंने स्नातक की डिग्री राजनीति विज्ञान में ली है। इसके बाद मास कम्युनिकेशन किया और मुंबई का रुख़ किया। मेहनत, जुनून और जज़्बे से अपनी एक अलग पहचा बनाई और इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
नीरज के तजुर्बे की बात करें तो वह पिछले दो दशकों से फिल्मी दुनिया में अपने पांव जमाये हुए हैं। इस दौरान उन्होंने टीवी और वेब की सीरीज़ में हुनर को पंख दिया है। टीवी सीरियल की बात करें तो KBC-1, अदालत, तारक मेहता का उल्टा चश्मा, लाडो और रक्षक जैसे सीरियल्स में बतौर लेखक, क्रिएटिव डायरेक्टर और शो रनर की ज़िम्मेदारी को बखूबी अंजाम दिया है।
2018 में नीरज ने कॉमर्शियल फ़िल्मों दांव आज़माया, पहली फ़िल्म बागी-2 थी, जिसमें मुख्य किरदार में टाइगर श्रॉफ़ ने दर्शकों के दिलों पर राज किया था। जो कि उस साल की सुपरहिट फिल्मों में शुमार थी। नीरज अभी कई और प्रोजेक्ट्स पर भी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications