दानापुर से गायब प्रत्याशी का 'किडनैपिंग ड्रामा'? प्रशांत किशोर ने खोला राज, बताया कहां छुपा है उम्मीदवार
Bihar Chunav Jan Suraaj Danapur Candidate: बिहार चुनाव में एक चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. दानापुर विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश कुमार (मुटुर शाह) के नामांकन के अंतिम दिन 'लापता' होने से सनसनी फैल गई थी. कार्यकर्ताओं ने अपहरण की आशंका जताई थी, लेकिन अब प्रशांत किशोर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस 'किडनैपिंग' के पीछे का चौंकाने वाला सच उजागर किया है।
प्रशांत किशोर ने सीधे बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बीजेपी ने उनके प्रत्याशी को 'खरीद' लिया है, ताकि वह नामांकन न कर सकें। उन्होंने अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान के साथ मुटुर शाह की तस्वीर भी जारी की, जिससे बिहार चुनाव की राजनीति में में एक नया विवाद खड़ा हो गया है।

प्रशांत किशोर का बीजेपी पर 'खरीदने' का आरोप
प्रशांत किशोर (पीके) ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने मुटुर शाह की तस्वीर जारी की, जिसमें वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान के साथ खड़े दिख रहे थे. पीके ने कहा, "ये मुटुर शाह हैं... यहां से सिंबल लेकर गए. सिंबल लेकर तो गए लेकिन निर्वाचन ऑफिस तक नहीं पहुंचे।" उन्होंने बीजेपी पर प्रत्याशी को 'खरीदने' का आरोप लगाया ताकि वह नामांकन न कर सकें। प्रशांत किशोर के अनुसार, यह बीजेपी का "चाल-चरित्र-चेहरा" है जो चुनाव जीतने के लिए ऐसे हथकंडे अपनाती है।
'डर के वोट' और दानापुर की चुनावी राजनीति
प्रशांत किशोर ने दानापुर की चुनावी राजनीति पर भी बात की. उन्होंने कहा कि दानापुर से जो सज्जन (रीतलाल यादव) चुनाव लड़ते हैं, अभी जेल में हैं। बीजेपी यहां से यह कहकर चुनाव लड़ती है कि हमें वोट दो, नहीं तो RJD के ये सज्जन (रीतलाल यादव) आ जाएंगे और आपका जीना हराम कर देंगे। पीके के अनुसार, दानापुर की जनता रीतलाल के डर से बीजेपी को और बीजेपी के डर से RJD को वोट देती आई है. इस बार दानापुर के व्यवसायियों ने अखिलेश सिंह (मुटुर शाह) को प्रत्याशी बनाने का फैसला किया था ताकि 'डर के वोट' का सिलसिला खत्म हो सके.
चुनाव आयोग पर भी सवाल
पीके ने बीजेपी के इस कथित कदम पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ट्विटर पर बता रही है कि जन सुराज के उम्मीदवार भाग रहे हैं। प्रशांत किशोर ने पूछा कि जब एक वोटर को प्रत्याशी पैसा देते हुए दिख जाए तो आचार संहिता का उल्लंघन होता है, तो अब चुनाव आयोग कहां है? उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने इस घटना के माध्यम से आचार संहिता का उल्लंघन किया है और चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।











Click it and Unblock the Notifications