परेशान होकर पुलिस स्टेशन पहुंचे सौरव गांगुली, क्यों और किसके खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
Sourav Ganguly: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर चलाई जा रही एक बेहद भ्रामक और झूठी खबर के खिलाफ कड़ा कानूनी रुख अपनाया है। इस दिग्गज क्रिकेटर ने कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई है। मामला उनके खिलाफ फेसबुक पर फैलाई जा रही अफवाहों से जुड़ा हुआ है, जिसे गांगुली ने उनकी छवि को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की एक घटिया कोशिश करार दिया है।
दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी, जिसमें दावा किया गया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सौरव गांगुली के कोलकाता स्थित आवास पर छापेमारी की है। पूर्व कप्तान ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से मनगढ़ंत, झूठा और जनता को गुमराह करने वाला बताया है।

36 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाले पेज की शिकायत
सौरव गांगुली ने अपनी लिखित शिकायत में साफ तौर पर "Sourav Ganguly Fans" नाम के एक अनऑफिशियल फेसबुक पेज का जिक्र किया है, जिसके प्लेटफॉर्म पर 3.6 मिलियन (36 लाख) से अधिक फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा शिकायत में मीडिया प्लेटफॉर्म 'स्पोर्ट्सविकी' का नाम भी सामने आया है। गांगुली का आरोप है कि इस पेज के जरिए उनके खिलाफ लगातार ऐसा कंटेंट परोसा जा रहा था, जिसका एकमात्र मकसद समाज में उनकी साफ-सुथरी छवि को धूमिल करना और लोगों के बीच उनके प्रति नकारात्मकता फैलाना था।
सौरव गांगुली का बयान
दादा का कहना है कि एक पब्लिक फिगर होने के नाते मैं यह अच्छी तरह समझता हूं कि आलोचना और अलग-अलग राय सार्वजनिक जीवन का हिस्सा हैं। लेकिन दुर्भावनापूर्ण इरादे से भ्रामक, अपमानजनक और नुकसानदेह कंटेंट फैलाकर किसी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। इसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई जरूरी है।
पुलिस ने शुरू की जांच, राडार पर एडमिन
शिकायत दर्ज होने के बाद कोलकाता पुलिस की साइबर सेल और स्थानीय थाना अधिकारी इस मामले की गहराई से जांच में जुट गए हैं। पुलिस अब उस ग्रुप या उन व्यक्तियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है जो इस फेसबुक पेज को ऑपरेट कर रहे हैं।
डिजिटल युग में दिग्गजों के नाम का गलत इस्तेमाल होना नई बात नहीं है। इससे पहले सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर जैसे महान क्रिकेटर्स भी अपनी पहचान, आवाज या नाम का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ पुलिस और अदालत का दरवाजा खटखटा चुके हैं। गांगुली के इस कड़े कदम से साफ है कि सोशल मीडिया पर 'फ्री हिट' समझकर किसी सेलिब्रिटी पर कीचड़ उछालने वाले एडमिन्स की अब मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।












Click it and Unblock the Notifications