पति की मौत के बाद उसकी निशानी की रक्षा कर रही विधवा को किया जिंदा दफ्न
पटना। बिहार के सीएम चाहे जितना सुशासन की बात कर लें लेकिन यहां दबंगों की दबंगई चरम पर है। कुछ इसी तरह का मामला बिहार के सीतामढ़ी जिले में देखने को मिला जहां एक विधवा महिला पर गांव के कुछ दबंग लोग जुर्म कर रहे थे और उन की करतूतों को देख रहे सभी लोग अपनी आंखें बंद कर बैठे थे। दबंगों के द्वारा पहले विधवा महिला को ज़िंदा जमीन में दफन कर दिया गया और फिर उसकी जमीन को कब्जा करने का काम शुरू किया। जब दंबग घटना को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो गए तो आसपास के लोगों ने जमीन खोदकर विधवा महिला को बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

महिला के खिलाफ हुए अत्याचार का मामला दर्ज करवाने जब उसके दोनों बेटे थाने पहुंचे तो उन्हें ही गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन गांव वालों के दबाव को देखते हुए उसे कई घंटों बाद मुक्त किया गया। दरअसल, यह मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ था। गांव के कुछ दबंग जबरदस्ती विधवा महिला की जमीन पर कब्जा करना चाहते थे, जिस बात का विरोध हमेशा से विधवा महिला करती आ रही थी इसी को देखते हुए आज उसे जिंदा जमीन में दफना दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार मामला बिहार के सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र के सोनार धोबी टोले का है जहां की रहने वाली 60 वर्षीय वृद्ध महिला गुलाबी देवी कि 5 डिसमिल जमीन पर जबरदस्ती गांव के कुछ दबंग कब्जा जमाना चाहते थे। इस को लेकर कई बार उसे धमकी भी दी गई लेकिन महिला अपने पति की निशानी को दूसरे के हाथों में नहीं जाने की बात करते हुए हमेशा जमीन पर कब्जा करने का विरोध करती थी। इसी को देखते हुए पहले तो उसके साथ मारपीट किया गया। जब महिला अपनी जमीन से नहीं हटी तो उसे उसी जमीन में मिट्टी डालकर दफन करते हुए उसकी हत्या करने की कोशिश की गई। लगभग 1 घंटे तक जमीन के भीतर दफन रही वृद्ध महिला के मर जाने की बात समझते हुए जब दबंग वहां से अपने अपने घर के लिए निकल गए। तब आसपास के लोगों ने मिट्टी खोदकर बुजुर्ग महिला को बाहर निकाला तथा इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
तो दूसरी तरफ अस्पताल में फर्द बयान के लिए आए पुलिस के सामने महिला ने बताया कि गांव के ही रहने वाले गोविंद और उसकी पत्नी जया के साथ-साथ कुछ लोगों की नजर उसके जमीन पर थी और लगातार जमीन बेचने की बात करते हुए वह जान से मारने की धमकी भी दे देते थे। लेकिन हम हमारे पति की आखरी निशानी समझ कर इस जमीन को बेचने से मना कर देते थे इसी को देखते हुए आज वह लोग हमारे घर पहुंचे तथा जबरदस्ती घर से घसीटते हुए हमारे साथ बुरी तरह मारपीट की और जब इससे भी जी नहीं भरा तो बाहर से मिट्टी मंगाते हुए हमें जबरदस्ती जमीन के भीतर दफन कर दिया गया। वहीं जब इस मामले की शिकायत करने नजदीकी थाने पहुंचे हमारे दोनों बेटे ने गांव के दबंगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की बात कही तो पुलिस वाले ने उसे ही हिरासत में ले लिया, हालांकि गांव वालों के विरोध को देखते हुए पुलिस ने उसे मुक्त कर दिया लेकिन आरोपी के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
वही जब इस मामले की जानकारी के बारे में सीतामढ़ी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से बातचीत की गई तो उन्होंने इस घटना को अंजाम देने वाले सभी के खिलाफ करी कानूनी कार्रवाई करने की बात की और पुलिस की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच पड़ताल कर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। फिलहाल इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के आदेश के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है तथा जांच पड़ताल की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications